हिमाचल: पुलिस से बचने के लिए युवक ने निगला चिट्टा, अस्पताल में मौत; तीन साथी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए युवक ने कथित तौर पर चिट्टा निगल लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए युवक ने कथित तौर पर चिट्टा निगल लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान दून क्षेत्र निवासी एवं कार चालक विक्रम ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथ कार में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। कार से 9.02 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मिली थी चिट्टे की सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा से चिट्टे की एक खेप बद्दी क्षेत्र में पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर गुरुवार रात बरोटीवाला टोल बैरियर पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक विक्रम ठाकुर ने वाहन नहीं रोका। जानकारी के अनुसार, उसने नाका तोड़ते हुए पुलिस वाहन को टक्कर मारी और तेज रफ्तार से बरोटीवाला चौक की ओर भाग निकला। भागने के दौरान उसकी कार एक ट्रक से भी टकरा गई।
पुलिस का दावा
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए विक्रम ने अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे तुरंत बद्दी अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कार में विक्रम सिंह, गौरव कुमार और आशीष मेहता भी सवार थे, जिन्हें पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से 9.02 ग्राम चिट्टा, 20 रुपये का अधजला नोट, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने की मशीन, एक खंजर और एल्युमिनियम फॉयल के टुकड़े बरामद किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी ने ये कहा
मामले में तीन आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस चिट्टे के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।
अशोक वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी