HPBOSE: रिजल्ट के 100 दिन बीते, अब तक 12वीं की नहीं मिली मूल मार्कशीट, विद्यार्थी परेशान
स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा का परिणाम घोषित हुए 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विद्यार्थियों को अब तक मूल मार्कशीट और प्रमाणपत्र नहीं मिल पाए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा का परिणाम घोषित हुए 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन विद्यार्थियों को अब तक मूल मार्कशीट और प्रमाणपत्र नहीं मिल पाए हैं। इसका सबसे अधिक असर प्रदेश से बाहर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने सीयूईटी समेत विभिन्न प्रवेश परीक्षाएं उत्तीर्ण कर देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में दाखिला हासिल किया है। कई विद्यार्थियों को संबंधित शिक्षण संस्थानों ने अस्थायी मार्कशीट के आधार पर अनंतिम प्रवेश दिया है। अब विश्वविद्यालयों और कॉलेजों की ओर से मूल दस्तावेज जमा करवाने के लिए लगातार संदेश और नोटिस भेजे जा रहे हैं।
दस्तावेज जमा करवाने की तय है समयसीमा
सबसे अधिक चिंता दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) समेत अन्य नामी विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को सता रही है। संबंधित संस्थानों ने निर्धारित समयसीमा के भीतर मूल मार्कशीट और प्रमाणपत्र जमा करवाना अनिवार्य किया है। ऐसे में समय पर बोर्ड से दस्तावेज नहीं मिलने पर विद्यार्थियों के प्रवेश पर संकट खड़ा होने की आशंका है। विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि चार मई को 12वीं का परिणाम घोषित किया गया था। इसके बाद 100 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद मूल दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। उन्होंने बोर्ड से मामले को गंभीरता से लेते हुए मार्कशीट और प्रमाणपत्र जल्द उपलब्ध करवाने की मांग की है।
एक-दो दिन में भेजेंगे दस्तावेज : बोर्ड
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव अंकुश शर्मा ने कहा कि मूल मार्कशीट और प्रमाणपत्र तैयार करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन के भीतर सभी प्रमाणपत्र और मूल मार्कशीट संबंधित शिक्षण संस्थानों को भेज दिए जाएंगे। इससे उच्च शिक्षा के लिए प्रदेश से बाहर दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।