HPU Shimla: बीकॉम अंतिम वर्ष में 97 प्रतिशत विद्यार्थी पास, एनएससीबीएम हमीरपुर की खुशबू प्रथम
प्रदेश विश्वविद्यालय ने इस बार बीकॉम तृतीय वर्ष का परिणाम परीक्षा समाप्त होने के एक माह से भी कम समय में जारी कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने इस बार बीकॉम तृतीय वर्ष का परिणाम परीक्षा समाप्त होने के एक माह से भी कम समय में जारी कर दिया है। 10 मई को आयोजित परीक्षा का परिणाम 2 जून को घोषित किया गया। हाल के वर्षों में परिणामों में देरी को लेकर उठते रहे सवालों के बीच विश्वविद्यालय का यह कदम विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी परिणाम के अनुसार बीकॉम तृतीय वर्ष की परीक्षा में 3101 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 2777 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए हैं। कुल पास प्रतिशत 97 रहा है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस आंकड़े में कंपार्टमेंट श्रेणी के विद्यार्थी भी शामिल हैं।
परिणाम के साथ जारी मेरिट सूची में हमीरपुर के एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय की छात्रा खुशबू शर्मा ने 9.15 सीजीपीए के साथ प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरा स्थान डीग्री कॉलेज ऊना की ईशिता ने 9.02 सीजीपीए के साथ प्राप्त किया। कांगड़ा के मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज की रिया शर्मा 8.98 सीजीपीए के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। चौथे स्थान पर राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की श्रेया शर्मा ने 8.92 सीजीपीए हासिल किए, जबकि कांगड़ा की ही अक्षरा रुस्तागी 8.91 सीजीपीए के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल के अनुसार मूल्यांकन कार्य और परिणाम संकलन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के कारण परिणाम समय पर घोषित किया जा सका। नए शैक्षणिक सत्र के प्रवेश और उच्च शिक्षा में दाखिले की तैयारियों के बीच समय पर परिणाम आने से हजारों विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक योजनाएं बनाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं।