HP Politics: जयराम ठाकुर बोले- राजनीति कर रही कांग्रेस ने हिमाचल में पेपर लीक दोषियों को बचाया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की, जबकि हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने पेपर लीक मामलों के दोषियों को बचाने और पुरस्कृत करने का काम किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नीट परीक्षा में अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की, जबकि हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने पेपर लीक मामलों के दोषियों को बचाने और पुरस्कृत करने का काम किया। जयराम ठाकुर ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि नीट परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायत सामने आते ही केंद्र सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी। दोषियों की गिरफ्तारी हुई, पुनर्परीक्षा कराई गई और अब पुनर्परीक्षा का परिणाम भी घोषित हो चुका है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी है और केंद्र सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त प्रावधान भी कर रही है।
जयराम ने आरोप लगाया कि इसके विपरीत हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने पेपर लीक मामलों में सीबीआई की संस्तुतियों को नजरअंदाज किया। जिन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठे, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया। जांच रिपोर्ट को भी दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने हालिया पुलिस भर्ती परीक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि पेपर लीक के साक्ष्य सामने आए, मनी ट्रेल तक पकड़ी गई, लेकिन सरकार ने मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि मास चीटिंग के आरोप लगे और प्रभावित छात्रों ने पूरी घटना का विवरण सार्वजनिक रूप से बताया, लेकिन सरकार ने उनकी बात सुनने की जरूरत नहीं समझी। नेता विपक्ष ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं के हितों की चिंता करती है तो उसे पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री से जवाब मांगना चाहिए कि पेपर लीक मामलों में दोषियों को बचाने का प्रयास क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि जो सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को संरक्षण देती है, उसे नैतिकता की बात करने का कोई अधिकार नहीं है।