Himachal Road Accident: अनियंत्रित होकर खड्ड में गिरी कार; जेबीटी शिक्षक और युवती की माैत, तीन घायल
शाहपुर के अंतर्गत चड़ी-घेरा सड़क पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जेबीटी शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांग्रड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अंतर्गत चड़ी-घेरा सड़क पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में जेबीटी शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच उस समय हुआ, जब सभी कार सवार करेरी में आयोजित जागरण से घर लौट रहे थे। हनुमान मंदिर के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में जा गिरी। हादसा सुनसान इलाके में होने के कारण रातभर किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घायल पूरी रात खड्ड में ही पड़े मदद के इंतजार में तड़पते रहे। शनिवार सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे तो सड़क किनारे मलबा देखकर उन्हें संदेह हुआ। नीचे झांकने पर दुर्घटनाग्रस्त कार दिखाई दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और राहत कार्य शुरू हुआ। हादसे में कार चालक कर्ण बहादुर (37), निवासी कुट चमियारा, और करीना (18), निवासी बरनेट की मौके पर ही मौत हो गई। कर्ण बहादुर राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्याडा में जेबीटी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
घायलों में करीना की मां नीतू (45), बहन निशा (14) और पुरषोत्तम (42) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल नीतू को टांडा मेडिकल कॉलेज से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। शिक्षक कर्ण बहादुर की मौत से शिक्षा विभाग और उनके गांव में मातम पसरा है, वहीं एक ही परिवार के कई सदस्यों के हादसे का शिकार होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है और तीन घायल हैं। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए पीजीआई रेफर किया गया है। - बीर बहादुर, एएसपी कांगड़ा