कुल्लू। जिला कुल्लू वुशू एसोसिएशन की टीम आठ और नौ अगस्त को शिमला के भराड़ी स्थित लॉरिएट पब्लिक स्कूल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सब जूनियर वुशू चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए रवाना हो गई। प्रतियोगिता में जिला कुल्लू के खिलाड़ी सानशू और ताओलू दोनों वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखा गया। जिला कुल्लू का प्रतिनिधित्व सानशू वर्ग में लड़कों और लड़कियों के विभिन्न भार वर्गों के खिलाड़ी करेंगे, जबकि ताओलू स्पर्धा में भी चार खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। टीम ने प्रतियोगिता से पहले नियमित और कड़े प्रशिक्षण के माध्यम से तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।
जिला कुल्लू वुशू संघ के महासचिव एवं वुशू कोच लुदर चंद ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी अक्तूबर में श्रीनगर में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर वुशू चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। इस बार भी टीम से बेहतर प्रदर्शन और अधिक पदकों की उम्मीद है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम के साथ कोच अक्षित, टीम मैनेजर पल्लवी ठाकुर और समृति भी रवाना हुए हैं। वहीं, जिला कुल्लू वुशू संघ के अध्यक्ष पूर्ण चंद, उपाध्यक्ष झाबे राम, चेयरमैन नीलम शर्मा, कोषाध्यक्ष रमा शर्मा, सह सचिव चेतन लाल और सदस्य मिनेश ठाकुर, राकेश कुमार, योगेंद्र ठाकुर, ज्ञान ठाकुर, चंद्रेश्वरी और वीना देवी ने शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।