एसपीयू मंडी: यूजी और पीजी सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, इस दिन से शुरू होंगी
विश्वविद्यालय ने मंडी, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा जिलों में परीक्षाओं के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विस्तार
सरदार पटेल विश्वविद्यालय ने यूजी और पीजी सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 12 मई से शुरू होकर 30 मई तक संचालित होंगी। विश्वविद्यालय ने मंडी, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा जिलों में परीक्षाओं के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। चंबा में एक परीक्षा केंद्र, कांगड़ा में चार परीक्षा केंद्र, कुल्लू में तीन और मंडी में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में बीबीए, बीसीए,बीएड बीएचएम, बीपीई, बीपीएड, बीवाक, बीएससी एमएससी फिजिक्स, इंटेग्रेटिड,एमए अंग्रेजी, एमए अर्थशास्त्र, एमए हिंदी, एमए इतिहास,एमए एमएससी मैथेमेटिक्स, एमए राजनीतिक विज्ञान, एमबीए,एमएससी एन्वायरमेंट साइंस, एमसीए, एमकाम, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री, एमएससी फिजिक्स, एमएससी बाटनी, एमएससी जूलाजी, एमटीटीएम, पीजीडीसीए, एमए पब्लिक एड की सेमेस्टर परीक्षा करवाई जाएगी।
परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, निगरानी व्यवस्था और अन्य जरूरी प्रबंधों को अंतिम रूप दे दिया गया है।-सुनील ठाकुर, परीक्षा नियंत्रक, एसपीयू
एमए अर्थशास्त्र की सेमेस्टर कक्षाओं का टाइम टेबल जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय (सीडीओई) ने एमए अर्थशास्त्र प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की कक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। इसके साथ ही एमए अंग्रेजी प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए पर्सनल कॉन्टेक्ट प्रोग्राम (पीसीपी) के लिंक भी उपलब्ध करवा दिए गए हैं। जारी अधिसूचना के अनुसार एमए अर्थशास्त्र के दोनों सेमेस्टर की कक्षाएं निर्धारित तिथियों पर होंगी। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत डेटशीट देख सकते हैं। एमए अंग्रेजी के छात्रों के लिए जारी पीसीपी लिंक के माध्यम से वे ऑनलाइन कक्षाओं में भाग ले सकेंगे। इन कक्षाओं में विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देंगे और उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे।
एचपीयू में पीएचडी कोर्स वर्क के नतीजे घोषित
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने मार्च 2026 में आयोजित पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार भूगोल और फॉरेंसिक साइंस विषय के प्रथम सेमेस्टर (सीबीसीएस) के नतीजे 27 अप्रैल को जारी किए गए। घोषित परिणामों में दोनों ही विषयों का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है जिससे विद्यार्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि अभ्यर्थी अपने-अपने लॉगिन आईडी के माध्यम से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं।

कमेंट
कमेंट X