प्रदेश के 12 जिलों से नौवीं कक्षा के प्लंबिंग ट्रेड के छात्रों ने रीगल सिंथेटिक्स उद्योग का किया शैक्षणिक भ्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी।
बद्दी। प्रदेश के 12 जिलों से आए नौवीं कक्षा के प्लंबिंग ट्रेड के 91 छात्रों ने शनिवार को बद्दी स्थित रीगल सिंथेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड उद्योग का शैक्षणिक दौरा किया। तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान छात्रों ने प्लंबिंग से जुड़े उत्पादों के निर्माण, तकनीकी प्रक्रियाओं और व्यवहारिक प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। राज्य समन्वयक दूनी चंद और कृष्ण कांत ने बताया कि समग्र शिक्षा मेरिटोरियस योजना के तहत आयोजित इस भ्रमण में छात्रों ने कंपनी में निर्मित होने वाले प्लंबिंग उत्पादों को प्रैक्टिकल तौर पर समझा। कंपनी के एमडी-कम-चेयरमैन लाजपत राय सिंघल ने कहा कि कंपनी अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जिससे तकनीकी शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को उद्योग का प्रत्यक्ष अनुभव मिल सके। कंपनी के मार्केटिंग प्रमुख हेम राज शर्मा ने छात्रों को उत्पादन प्रक्रिया का प्रैक्टिकल डेमो दिया, जबकि महाप्रबंधक जितेंद्र सूरी ने बताया कि इससे पूर्व भी हिमाचल सहित कई राज्यों के विद्यार्थी शैक्षणिक दौरे पर यहां आ चुके हैं, जिनकी संपूर्ण व्यवस्था कंपनी द्वारा की जाती है। दौरे में शिमला से ललित शर्मा, मंडी से हरीश कुमार व नूतन ठाकुर, सोलन से मुकुल शर्मा, कांगड़ा से शुभम राणा व शिखा, बिलासपुर से निखिल, ऊना से सुमित कुमार, हमीरपुर से संजय कुमार, सिरमौर से दिनेश शर्मा और चंबा से स्वाति मौजूद थे।