Himachal: विनय कुमार बोले- छात्र संघ चुनाव बहाली पर सरकार से बात करेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में एससीए (छात्र केंद्रीय संघ) चुनावों की बहाली को लेकर प्रदेश सरकार से विस्तृत चर्चा की जाएगी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में एससीए (छात्र केंद्रीय संघ) चुनावों की बहाली को लेकर प्रदेश सरकार से विस्तृत चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनके पुनः शुरू होने से विद्यार्थियों में राजनीति के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर मंथन हुआ, जिसमें पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि छात्र संगठनों को फिर से सक्रिय करने के लिए एससीए चुनाव बहाल किए जाने चाहिए। विनय कुमार ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के छात्र संगठन होते हैं और चुनावी प्रक्रिया से छात्र लोकतंत्र को व्यवहारिक रूप से समझ पाते हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी पंचायतीराज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस विचारधारा से जुड़े युवाओं को आगे लाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए पार्टी के सभी अग्रणी संगठनों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। संगठनात्मक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत पर कार्य कर रही है और हर तीन माह में पदाधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, पार्टी लाइन से हटकर बयानबाजी पर सख्ती बरतने के निर्देश भी बैठक में दिए गए हैं।
