Congress 140th Foundation Day: 'कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक संगठन नहीं, भारत की आत्मा की आवाज', बोले राहुल गांधी
कांग्रेस ने अपना 140वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जो हमेशा कमजोर, वंचित और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ी रही है। इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
विस्तार
आज कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस है। इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जो हमेशा कमजोर, वंचित और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ी रही है। राहुल गांधी ने यह बात पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में कही। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हमारा संकल्प है कि हम सत्य, साहस की लड़ाई और संविधान की रक्षा में और भी मजबूत होकर खड़े हों, और घृणा, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ लड़ें।
राहुल गांधी ने सभी कांग्रेस नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हम उन महान बलिदानों और ऐतिहासिक विरासत को नमन करते हैं, जिन्होंने भारत को आजादी दिलाई, संविधान की नींव रखी और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और समानता के मूल्य मजबूत किए।
खरगे ने फराया ध्वज
इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंदिरा भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कांग्रेस के 140 साल के इतिहास और योगदान को याद किया। वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करने हुए खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी और पार्टी के इतिहास और आदर्शों पर प्रकाश डाला। बता दें कि इंदिरा भवन में आयोजित ध्वजारोहण समारोह में संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
पार्टी अध्यक्ष खरगे ने लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस ये योगदान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हमेशा भारतवासियों के कल्याण, सशक्तिकरण और समावेशी विकास के लिए काम करती रही है। खरगे ने बताया कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 62 वर्षों में करोड़ों कांग्रेसी देश के लिए संघर्ष करते रहे, जेल गए और स्वतंत्रता के लिए लड़ते रहे, जिससे भारत को आजादी मिली।
पार्टी संस्थापकों और स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
इस दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस पार्टी के संस्थापकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही यह भी भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हमेशा उस भारत के लिए काम करती रहेगी जिसकी कल्पना उसके संस्थापकों ने की थी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में गरीब और किसान लगातार लड़ते करते और आज संविधान और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश की एकता, अखंडता और धर्मनिरपेक्षता के लिए अपने जीवन की आहुति दी।
ये भी पढ़ें:- Digvijaya Singh: 'मैं आरएसएस की संगठन क्षमता का प्रशंसक', दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की इस कमी को किया उजागर
दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस और यूपीए सरकार ने जनता के अधिकारों की सुरक्षा बढ़ाई। खरगे ने बताया कि जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब सूचना का अधिकार (आरटीआई), शिक्षा का अधिकार (आरटीई), खाद्य सुरक्षा कानून, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (MGNREGA), वन अधिकार और भूमि अधिग्रहण कानून जैसे महत्वपूर्ण कानून बनाए गए।
मोदी सरकार पर साधा निशाना
खरगे ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने कांग्रेस द्वारा बनाए गए संस्थानों को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस-भाजपा नेता राष्ट्रीय ध्वज, संविधान, अशोक चक्र और वंदे मातरम का अनादर कर रहे हैं। इसके साथ ही खरगे ने कहा कि वर्तमान सरकार लोगों के अधिकारों को दबा रही है, स्वतंत्रता संग्राम से कोई संबंध नहीं रखती, और आज जनता के अधिकार छीन रही है।
ये भी पढ़ें:- पाकिस्तान को झटका: चिनाब पर दुलहस्ती-2 को मंजूरी, 3200 करोड़ की परियोजना से भारत का कड़ा संदेश
कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस
गौरतलब है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में हुई थी। उस समय 72 प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में यह पार्टी बनी। इसके संस्थापक महासचिव ए.ओ. ह्यूम थे और व्योमेश चंद्र बनर्जी को अध्यक्ष बनाया गया था। इस स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी ने अपने आदर्शों और देशभक्ति के संदेश को दोहराया और सभी देशवासियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.