CSR Fund Scam: केरल में भाजपा के वरिष्ठ नेता पर FIR, घोटाले में ए एन राधाकृष्णन का नाम आया
केरल में कथित सीएसआर घोटाले में भाजपा के वरिष्ठ नेता ए एन राधाकृष्णन के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज की गई है। उनके खिलाफ सीएसआर घोटाला करने वाले एनजीओ से जुड़े होने का आरोप है।
विस्तार
केरल पुलिस ने कथित सीएसआर फंड घोटाले में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ए एन राधाकृष्णन समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया गया है।
यह घोटाला सीएसआर फंड का इस्तेमाल करके लोगों को आधे दाम पर स्कूटर और लैपटॉप देने का झूठा वादा करके कथित तौर पर धोखा देने से जुड़ा है। इस मामले में, एक महिला की शिकायत पर भाजपा नेता ए एन राधाकृष्णन समेत चार लोगों के खिलाफ IPC की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत प्रथामिकी दर्ज की गई है। महिला ने शिकायत में कहा है कि उससे 63,500 रुपये लेने के बाद भी स्कूटर नहीं दिया गया।
महिला ने मई 2024 में एक एनजीओ को दिया था पैसा
महिला की शिकायत के अनुसार, यह पैसा मई 2024 में सोसाइटी फॉर इंटीग्रेटेड ग्रोथ ऑफ द नेशन नाम के एक एनजीओ के प्रतिनिधियों को दिया गया था। पुलिस ने जानकारी दी कि भाजपा नेता पर महिला के बयान के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला ने बताया है कि ए एन राधाकृष्णन इसी एनजीओ से जुड़े हुए थे।
त्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा हमारी शुरुआती जांच के अनुसार, उन्हें सीधे कोई पैसा नहीं दिया गया था या उनके खाते में जमा नहीं किया गया था। जांच शुरू कर दी गई है।
राधाकृष्णन ने नहीं दी कोई सफाई
राधाकृष्णन ने अभी तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। राज्य भर में इसी तरह की कई शिकायतें मिली हैं, जिनमें मुख्य आरोपी आनंदु कृष्णन और नेशनल एनजीओ कॉन्फेडरेशन के चेयरमैन के एन अनंतकुमार हैं।
इन शिकायतों के अनुसार, आरोपियों ने लाभार्थियों को लैपटॉप, दोपहिया वाहन और सिलाई मशीन देने का वादा किया था, यह दावा करते हुए कि आधी लागत एनजीओ कॉन्फेडरेशन और सीएसआर फंड से कवर की जाएगी, जबकि बाकी आधी लागत प्राप्तकर्ताओं द्वारा दी जाएगी।
