कांग्रेस सांसद के भतीजे से गलती से चली गोली: पत्नी की मौत, फिर खुद को भी मारा; दो महीने पहले ही हुई थी शादी
अहमदाबाद में कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराजसिंह गोहिल की पत्नी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मौत हो गई। पत्नी की मौत से सदमे में यशराजसिंह ने खुद को गोली मार ली। घटना बोडकदेव इलाके में हुई। पुलिस इसे प्रारंभिक तौर पर हादसा मान रही है। आइए इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं।
विस्तार
गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे यशराजसिंह गोहिल ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। इससे कुछ देर पहले उनकी पत्नी की उसी रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मौत हो गई थी। यह घटना शहर के बोडकदेव इलाके में स्थित एनआरआई टावर की है।
पुलिस के अनुसार यशराजसिंह गोहिल अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। गोली उनकी पत्नी राजेश्वरी के गले के पास लगी। परिजन तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया। मौके पर पहुंचे पैरामेडिकल स्टाफ ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही यशराजसिंह गहरे सदमे में चले गए।
ये भी पढ़ें- डॉक्टर संग्राम पाटिल मामले में अदालत ने पुलिस को भेजा नोटिस, अगली सुनवाई चार फरवरी को
प्रारंभिक जांच में क्या पता चला?
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और यशराजसिंह की मां के बयान से संकेत मिलता है कि गोली गलती से चली थी। इसे जानबूझकर किया गया कृत्य नहीं माना जा रहा है। हालांकि, सच्चाई सामने लाने के लिए पति-पत्नी दोनों के शवों को फॉरेंसिक पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा कि यह पूरी तरह हादसा था या किसी और वजह से यह घटना हुई।
बिंदुवार तरीके से पूरे घटनाक्रम को जानें
- पुलिस के मुताबिक दंपति बुधवार रात एक सामाजिक कार्यक्रम से लौटे थे।
- सोसायटी के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि दोनों काफी खुश नजर आ रहे थे।
- कार्यक्रम से लौटने के बाद दोनों सीधे अपने फ्लैट में गए।
- रात करीब 11.45 बजे दोनों अपने बेडरूम में मौजूद थे।
- इसी दौरान यशराजसिंह की लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई।
- गोली राजेश्वरी के गले के पास लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
- घटना के तुरंत बाद यशराजसिंह ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी।
- इसके बाद उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया।
- मौके पर पहुंचे मेडिकल स्टाफ ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया।
- पत्नी की मौत की पुष्टि होते ही यशराजसिंह गहरे सदमे में चले गए।
- यशराजसिंह ने मां और मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में उसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
दो महीने पहले हुई थी शादी
यशराजसिंह गोहिल गुजरात मैरिटाइम बोर्ड में अधिकारी के तौर पर कार्यरत थे। उनकी शादी को अभी केवल दो महीने ही हुए थे। वह पत्नी और मां के साथ बोडकदेव इलाके में रहते थे। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और कहा है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी।
ये भी पढ़ें- MGNREGA को लेकर राहुल गांधी का सरकार पर हमला, कहा- गरीबों से काम का अधिकार छीनना चाहती है भाजपा
अन्य वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.