बेहतर अनुभव के लिए ऐप चुनें।
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   IRCTC Scam Case Lalu Prasad Yadav and Family Mahagathbandhan CM Face Tejashwi Prasad Yadav news and updates

IRCTC Scam: कानून के फंदे में घिरा लालू का शेर, क्या अब भी तेजस्वी यादव होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा?

Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Mon, 13 Oct 2025 01:14 PM IST
विज्ञापन
सार

कांग्रेस अब तक सीटों के मोल भाव के कारण तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने से बच रही थी। इसके बहाने वह गठबंधन में ज्यादा सीटें हासिल करने की रणनीति अपनाते हुए आगे चल रही थी। लेकिन आईआरसीटीसी घोटाले में तेजस्वी यादव के आरोपी बनने के बाद अब कांग्रेस के लिए असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। 

IRCTC Scam Case Lalu Prasad Yadav and Family Mahagathbandhan CM Face Tejashwi Prasad Yadav news and updates
लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव - फोटो : ani
विज्ञापन

विस्तार

आईआरसीटीसी घोटाले में लालू का पूरा कुनबा घिर चुका है। स्वयं लालू प्रसाद यादव के अलावा राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी इस लपेटे में आ गए हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रथम दृष्ट्या जांच एजेंसी के इन आरोपों को स्वीकार कर लिया है कि लालू यादव की जानकारी में ही घोटाले की पूरी साजिश रची गई। तेजस्वी यादव केवल राजद ही नहीं, पूरे महागठबंधन के बिहार में सबसे बड़े नेता हैं। महागठबंधन का पूरा चुनाव प्रचार तेजस्वी यादव के चेहरे के इर्द गिर्द ही सिमटा रहा है। ऐसे में उनके घोटाले में आरोपी बनने से पूरे गठबंधन के समीकरणों पर असर पड़ सकता है। अब यह प्रश्न भी पैदा हो गया है कि क्या कांग्रेस एक आरोपी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाकर चुनाव में उतरना चाहेगी?
Trending Videos


कांग्रेस अब तक सीटों के मोल भाव के कारण तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने से बच रही थी। इसके बहाने वह गठबंधन में ज्यादा सीटें हासिल करने की रणनीति अपनाते हुए आगे चल रही थी। लेकिन आईआरसीटीसी घोटाले में तेजस्वी यादव के आरोपी बनने के बाद अब कांग्रेस के लिए असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। पार्टी को एक बार इस पर विचार करना पड़ेगा कि क्या उसके लिए एक घोटाले के आरोपी के नेतृत्व में चुनाव में उतरना सही रहेगा। विशेषकर यह देखते हुए कि राहुल गांधी शुचिता की राजनीति करने की बात करते रहे हैं। लेकिन अब भाजपा राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर ज्यादा आक्रामक होकर हमला करेगी। महागठबंधन इन हमलों का जवाब किस तरह देगा, यह देखने वाली बात होगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

भ्रष्टाचार पड़ा भारी
भारत की राजनीति में भ्रष्टाचार कई राजनीतिक दलों पर भारी पड़ा है। सबसे ताजा उदाहरण आम आदमी पार्टी का है जिसमें उसके नेता अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे। इसके बाद अजेय समझे जाने वाले अरविंद केजरीवाल दिल्ली विधानसभा चुनाव बुरी तरह हार गए। इसके पहले ओम प्रकाश चौटाला से लेकर राजीव गांधी तक सबको भ्रष्टाचार के आरोपों की भारी कीमत चुकानी पड़ी थी। 

कीमत चुकानी पड़ सकती है
हालांकि, लालू यादव के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप रहे हैं। इनमें से कुछ आरोप साबित भी हुए हैं और इसके लिए लालू यादव को जेल भी जाना पड़ा है। लेकिन इसके बाद भी पिछले चुनाव में तेजस्वी यादव ने अपने दल को बढ़त दिलाने में बड़ी सफलता पाई थी। लेकिन इस बार की स्थिति थोड़ी बदली हुई है। इस बार केवल लालू प्रसाद यादव ही भ्रष्टाचार के आरोपी नहीं हैं। स्वयं तेजस्वी यादव भी इसके लपेटे में आ चुके हैं। ऐसे में राजद और महागठबंधन को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। भाजपा इस अवसर को अपने हाथ से नहीं जाने देगी।

बिहार की जनता नहीं करेगी स्वीकार- भाजपा 
भाजपा प्रवक्ता एसएन सिंह ने अमर उजाला से कहा कि महागठबंधन का पूरा कुनबा घोटाले का शिकार है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी स्वयं जमानत पर हैं और अब अदालत ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय जनता दल का सबसे बड़ा नेता तेजस्वी यादव भी राहुल गांधी की तरह घोटाले में फंसा हुआ है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के दूसरे नेताओं को स्पष्ट बताना चाहिए कि क्या वे घोटाले के आरोपियों के नेतृत्व में चलने के लिए तैयार हैं? 

एसएन सिंह ने कहा कि बिहार की जनता किसी असमंजस की स्थिति में नहीं है। इसी कारण उसने लालू यादव के परिवार को पिछले 20 वर्षों से सत्ता से बाहर किए हुए है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने देखा है कि किस तरह गांधी और लालू परिवार केवल अपने बेटे-बेटियों के लिए अथाह धन अर्जित करने में विश्वास रखता है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का पूरा उद्देश्य केवल बिहार की जनता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि जनता इस फर्क को समझ रही है और इस चुनाव में भी वह पूरे दमखम से एनडीए को जिताने का काम करेगी।

भ्रष्टाचार बनाम विकास की लड़ाई- लोजपा 
लोजपा (रामविलास) नेता मणिशंकर पांडेय ने अमर उजाला से कहा कि इस बार के चुनाव में पूरा मुद्दा एकदम साफ हो चुका है। इस बार पूरा चुनाव केवल भ्रष्टाचार बनाम विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार विकास के प्रतीक बन चुके हैं, जबकि राहुल गांधी से लेकर लालू और तेजस्वी यादव तक भ्रष्टाचार के प्रतीक बन चुके हैं। ऐसे में जनता के सामने स्पष्ट विकल्प है कि वह किस मुद्दे को अपना समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed