New Delhi: कंबोडिया के राजा को राष्ट्रपति भवन में मिला गार्ड ऑफ ऑनर, पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति से की मुलाकात
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि कंबोडिया के राजा एचएम नोरोडोम सिहामोनी का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हमारे राष्ट्र गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध साझा करते हैं।


विस्तार
कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर आए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की। कंबोडिया के राजा को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।
सिहामोनी सोमवार को भारत के नई दिल्ली पहुंचे। उनकी यह यात्रा भारत और कंबोडिया के बीच कूटनीतिक संबंध स्थापित होने की 70वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में हो रही है। दोनों देशों के बीच वर्ष 1952 में कूटनीतिक संबंध स्थापित हुए थे।
इस दौरान मंगलवार को कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी राष्ट्रपति मुर्मू से मिले। बाद में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री सहित कई गणमान्य लोगों से भी मुलाकात की। वहीं इस मौके पर राष्ट्रपति भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर का सम्मान दिया गया। मंत्रियों से मुलाकात करने के बाद कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी ने राजघाट पर महात्मा गांधी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की।
पीएम मोदी बोले- हम अपनी दोस्ती को और भी मजबूत करने के लिए तत्पर
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि कंबोडिया के राजा एचएम नोरोडोम सिहामोनी का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हमारे राष्ट्र गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध साझा करते हैं और हम अपनी दोस्ती और सहयोग को और भी मजबूत करने के लिए तत्पर हैं। उनकी यात्रा भारत-कंबोडिया में एक नया अध्याय चिह्नित करे।
सिहामोनी के सम्मान में भोज का आयोजन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी की अगवानी की और उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति ने कहा कि राजा सिहामोनी की यात्रा कंबोडिया द्वारा भारत के साथ अपने संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को प्रदर्शित करती है क्योंकि दोनों देश एक समृद्ध और जीवंत संबंध साझा करते हैं।
A warm welcome to an honored guest from a civilisational sister country!
— President of India (@rashtrapatibhvn) May 30, 2023
President Droupadi Murmu received King Norodom Sihamoni of Cambodia at Rashtrapati Bhavan and hosted a banquet in his honour. The President said that the visit of King Sihamoni demonstrates the importance… pic.twitter.com/nCPoYFsF1B
भारत कंबोडिया के साथ अपने रक्षा संबंधों को और प्रगाढ़ करने को इच्छुक: राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कहा कि भारत पर्यटन और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के अलावा कंबोडिया के साथ अपने रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने को इच्छुक है। मुर्मू ने यहां राष्ट्रपति भवन में कंबोडिया के नरेश नोरोडोम सिहामोनी का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और कंबोडिया के बीच व्यापार और निवेश में और वृद्धि की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भारत दक्षिण पूर्व एशियाई देश के साथ अपने रक्षा संबंधों को और प्रगाढ़ करने को इच्छुक है।
मुर्मू ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए पर्यटन और लोगों से लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के प्रयास करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुर्मू ने कहा, हम अपने साझा इतिहास को महत्व देते हैं और कंबोडिया को अपनी सभ्यतागत बंधन देश मानते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जी-20 की अध्यक्षता में वैश्विक दक्षिण के विकासशील देशों के हितों की अगुवाई कर रहा है। उन्होंने इस साल फरवरी में वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट के उद्घाटन सत्र में कंबोडियाई प्रधानमंत्री हुन सेन की भागीदारी की सराहना की।
राष्ट्रपति ने पिछले साल आसियान की अध्यक्षता सफलतापूर्वक पूरी करने के लिए कंबोडिया को बधाई दी। अपने राजभोज भाषण में राष्ट्रपति ने कहा कि क्षमता निर्माण, मानव संसाधनों के विकास और सामाजिक-आर्थिक परियोजनाओं के लिए सहायता प्रदान करने के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की अपनी खोज में कंबोडिया का साझेदार बनना भारत के लिए सौभाग्य की बात है।
राष्ट्रपति भवन के एक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि भारत 'वसुधैव कुटुम्बकम' (दुनिया एक परिवार है) के दर्शन में विश्वास करता है। मुर्मू ने कहा, भारत और कंबोडिया के बीच बहुआयामी संबंध और आज हमारे साथ राष्ट्रपति भवन में महामहिम सिहामोनी की गरिमामयी उपस्थिति सदियों पुरानी अवधारणा की सुंदर अभिव्यक्ति है।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और एस जयशंकर से मिले राजा नोरोडोम सिहामोनी
गौरतलब है, केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री राजकुमार रंजन सिंह ने नई दिल्ली के पालम वायुसेना केंद्र पर कंबोडियाई राजा की अगवानी की थी। कंबोडियाई राजा के साथ 27 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिनमें राजमहल के मंत्री, विदेश मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।