Siddhivinayak Temple: क्या सिद्धिविनायक मंदिर के दान पर भी पड़ा डाका? राज ठाकरे बोले- हर साल चोरी किए 18 करोड़
मनसे के प्रमुख राज ठाकरे ने शनिवार को दावा किया कि आज के समय में मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल करीब 18 करोड़ रुपये की दान राशि की चोरी की जा रही थी। यह बात उन्होंने अपनी पार्टी के छात्र संगठन द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने सिद्धिविनायक मंदिर में दान राशि की कथित चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि हर साल करीब 18 करोड़ रुपये की हेराफेरी हो रही थी। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर में भी 1,400 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की। वहीं, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट ने बताया कि मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है और चोरी पर अंकुश लगने के बाद मंदिर की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
क्या राम मंदिर को लेकर भी लगाया बड़ा आरोप?
राज ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में 1,400 करोड़ रुपये की गड़बड़ी हुई है। इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। मनसे प्रमुख ने कहा कि आज का युवा निराश होकर मंदिरों का रुख करता है, लेकिन जब वहां भी भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की खबरें सामने आती हैं तो लोगों का विश्वास डगमगा जाता है।
सिद्धिविनायक मंदिर में चोरी का दावा किस आधार पर किया?
राज ठाकरे ने कार्यक्रम के दौरान एक पत्र पढ़कर सुनाया, जिसे सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के आठ ट्रस्टियों ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लिखा था। ठाकरे के अनुसार, ट्रस्टियों की सतर्कता के कारण कुछ कर्मचारियों को दानपेटी से पैसे चुराते हुए पकड़ा गया।
दान की राशि में अचानक इतनी बढ़ोतरी कैसे हुई?
राज ठाकरे ने दावा किया कि चोरी पकड़े जाने से पहले मंदिर की साप्ताहिक दान राशि 50 लाख रुपये से भी कम रहती थी। लेकिन चोरी पर रोक लगने के बाद यही साप्ताहिक आय बढ़कर करीब 1.5 करोड़ रुपये हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी आधार पर अनुमान लगाया जा सकता है कि हर साल लगभग 18 करोड़ रुपये की दान राशि की हेराफेरी की जा रही थी।
मंदिर ट्रस्ट ने आरोपों पर क्या कहा?
सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता सदा सरवणकर ने बताया कि इस मामले में नौ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां आवश्यकता थी, वहां कानूनी कार्रवाई की गई है।
ये भी पढ़ें: Ajit Doval: अजीत डोभाल को क्यों बनाया था NSA? गृह मंत्री अमित शाह ने बताई PM मोदी के फैसले के पीछे की वजह
मंदिर की आय में कितनी बढ़ोतरी हुई?
सदा सरवणकर ने कहा कि मंदिर की दान राशि में बढ़ोतरी केवल चोरी रुकने की वजह से नहीं, बल्कि ट्रस्ट द्वारा किए गए बेहतर प्रबंधन और प्रयासों का भी परिणाम है। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले मंदिर की वार्षिक आय 114 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 182 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।