{"_id":"69bce2776d0b3719e30ce108","slug":"centre-should-declare-sanku-and-shaker-chiktan-as-districts-2026-03-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Leh: संकू व शकर-चिकतन को जिला घोषित करे केंद्र, कारगिल के नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Leh: संकू व शकर-चिकतन को जिला घोषित करे केंद्र, कारगिल के नेताओं ने अमित शाह से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला नेटवर्क, लेह
Published by: Nikita Gupta
Updated Fri, 20 Mar 2026 11:30 AM IST
विज्ञापन
सार
लद्दाख के नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संकू और शकर-चिकतन उपमंडलों को जिला घोषित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने हवाई संपर्क सुधार, सिविल हवाई अड्डे की स्थापना और जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकार बढ़ाने का भी अनुरोध किया।
गृह मंत्री अमित शाह से मिलते कारगिल के नेता।
- फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
विस्तार
लद्दाख के नेताओं ने वीरवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने संकू और शकर-चिकतन को जिला घोषित करने की केंद्र सरकार से मांग की। नेताओं ने अनुरोध किया कि नए जिलों की आगामी आधिकारिक अधिसूचना में इन दोनों उपमंडल को भी शामिल किया जाए।
Trending Videos
प्रतिनिधिमंडल में लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद कारगिल के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद जाफर अखून, सांसद मोहम्मद हनीफा जान और कार्यकारी पार्षद जाकिर हुसैन शामिल थे। इन नेताओं ने कारगिल जिले से जुड़े विकासात्मक मुद्दों को लेकर गृह मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने कहा कि संकू और शकर-चिकतन उपमंडल कारगिल के सबसे पुराने और अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में शामिल हैं। यह सभी आवश्यक मानदंडों को पूरा करते हैं। हवाई संपर्क का मुद्दा भी चर्चा में प्रमुखता से उठा।
विज्ञापन
विज्ञापन
नेताओं ने कारगिल से नागरिक उड़ानों के संचालन, मौजूदा रनवे के विस्तार तथा पूर्ण विकसित सिविल हवाई अड्डे की स्थापना की प्रक्रिया को तेज करने की मांग की ताकि सर्दियों में जब सड़क मार्ग बंद हो जाते हैं तब भी संपर्क बना रहे। ज्ञापन में जिला स्तर पर विकास कार्यों के लिए उपायुक्त कारगिल को पांच करोड़ रुपये तक की प्रशासनिक स्वीकृति और व्यय स्वीकृति की शक्तियां बहाल करने की भी मांग की गई।
संकू में महिला डिग्री कॉलेज स्थापित हो:
अन्य मांगों में कारगिल के लिए समर्पित आईआरबीएन बटालियन के गठन तथा संकू में महिलाओं के लिए डिग्री कॉलेज की स्थापना शामिल है। डॉ. अखून ने पहले से स्वीकृत पांच जलविद्युत परियोजनाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने गृह मंत्री से संबंधित मंत्रालयों को इनके शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश देने का अनुरोध किया।