{"_id":"69f7ab692f0a55186300cc47","slug":"jammu-government-in-srinagar-from-today-problems-of-jammu-division-will-be-solved-through-rabta-2026-05-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज से श्रीनगर में लगेगा सरकार का दरबार: राब्ता से होगा जम्मू संभाग की समस्याओं का समाधान, हेल्पलाइन नंबर जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आज से श्रीनगर में लगेगा सरकार का दरबार: राब्ता से होगा जम्मू संभाग की समस्याओं का समाधान, हेल्पलाइन नंबर जारी
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 04 May 2026 01:39 AM IST
विज्ञापन
सार
जम्मू सचिवालय से मुख्यमंत्री कार्यालय कश्मीर शिफ्ट हो गया है। अब जम्मू संभाग के सभी दस जिलों में लोगों की समस्याओं का समाधान राब्ता के माध्यम से होगा।
उमर अब्दुल्ला, मुख्यमंत्री, जम्मू-कश्मीर
- फोटो : X / @OmarAbdullah
विज्ञापन
विस्तार
प्रदेश सरकार का कामकाज आज से श्रीनगर में शुरू होगा। जम्मू सचिवालय से मुख्यमंत्री कार्यालय कश्मीर शिफ्ट हो गया है। अब जम्मू संभाग के सभी दस जिलों में लोगों की समस्याओं का समाधान राब्ता के माध्यम से होगा।
Trending Videos
राब्ता कार्यालय आने वाले सभी आवेदनों को ऑनलाइन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला तक पहुंचाएगा। राब्ता में पंजीकृत शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय भेजी जाएंगी। उनके समाधान या कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता तक भी पहुंचाई जाएगी। खास बात यह है कि जम्मू में चल रहे राब्ता कार्यालय तक न पहुंच पाने वाले दूरदराज के पीड़ित दूरसंचार माध्यम का इस्तेमाल कर अपनी बात सरकार के सामने रख पाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतें भी मुख्यमंत्री कार्यालय श्रीनगर भेजी जाएंगी। दरबार मूव के साथ ही बीते दो दिन में जम्मू सचिवालय और विधानसभा दोनों के अधिकारी और कर्मचारी श्रीनगर पहुंच गए हैं। अब जम्मू सचिवालय में आगामी छह माह तक चहलकदमी सीमित होने वाली है। ज्यादातर लोगों के काम अब या तो ऑनलाइन माध्यम से होंगे या फिर उन्हें श्रीनगर में बैठे अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क करना होगा।
श्रीनगर में होगा विधानसभा का मानसून सत्र
दरबार मूव के साथ ही विधानसभा का स्टाफ भी श्रीनगर रवाना हो रहा है। विधानसभा से कर्मचारी शनिवार और रविवार को श्रीनगर गए हैं जबकि अधिकारी इस हफ्ते अलग-अलग शिफ्टों में श्रीनगर पहुंच जाएंगे। विधानसभा का आगामी मानसून सत्र श्रीनगर में होगा। इससे पहले विधानसभा का बजट सत्र जम्मू में संपन्न हुआ है। प्रदेश सरकार अब नवंबर माह में जम्मू लौटेगी और उसके बाद विधानसभा का आगामी बजट सत्र जम्मू में होगा। विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए श्रीनगर में रहने का इंतजाम प्रदेश सरकार सरकारी आवास और होटल में पूरा कर रही है।
श्रीनगर में यह हेल्पलाइन नंबर बनेंगे मददगार
प्रदेश सरकार ने श्रीनगर सचिवालय में संपर्क के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। आम लोग हेल्पलाइन नंबर 0194-2506144, 0194-2506215, 0194-2506102, 0194-2506111 व 0194-25061112 पर शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। ये सभी नंबर हर हफ्ते सोमवार से शुक्रवार तक चलेंगे। इसमें अधिकारी से मुलाकात के लिए समय भी लिया जा सकता है। प्रदेश सरकार के श्रीनगर से कामकाज शुरू करने के बाद जम्मू संभाग समेत कश्मीर के लोगों को भी इन नंबरों से आने वाले दिनों में मदद मिल पाएगी।
