{"_id":"6a38445d7f0737040c0611b5","slug":"jammu-kheer-bhawani-mela-begins-today-security-arrangements-tightened-2026-06-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jammu: खीर भवानी मेला आज से, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी; श्रद्धालुओं की निर्बाध यात्रा के लिए शासन ने किए कई दावे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jammu: खीर भवानी मेला आज से, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी; श्रद्धालुओं की निर्बाध यात्रा के लिए शासन ने किए कई दावे
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 22 Jun 2026 01:37 AM IST
विज्ञापन
सार
मेले और अमरनाथ यात्रा -2026 के मद्देनजर गांदरबल पुलिस ने जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु यात्रा का अनुभव मिल सके।
गांदरबल पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
खीर भवानी मेला आज शुरू हो रहा है। मेले और अमरनाथ यात्रा -2026 के मद्देनजर गांदरबल पुलिस ने जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु यात्रा का अनुभव मिल सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं तथा विभिन्न स्थानों पर नाकों, गश्त और वाहन जांच को तेज कर दिया गया है। तीर्थयात्रा मार्गों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
गांदरबल पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इससे खीर भवानी मेले और अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने आम लोगों और श्रद्धालुओं से सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन पर देने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
कुलगाम के उपायुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा
उपायुक्त शहजाद आलम ने रविवार को माता त्रिपुर सुंदरी खानबरनी, देवसर का दौरा कर वार्षिक खीर भवानी मेले के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा की। दौरे के दौरान डीसी ने मंदिर परिसर में सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी इंतजाम सुचारु रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शहजाद आलम ने मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं से बातचीत की तथा उन्हें खीर भवानी मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराएं।
आईजीपी कश्मीर ने माता खीर भवानी मेले के सुरक्षा इंतजाम जांचे
आईजीपी कश्मीर जोन वीके बिरदी ने शुक्रवार को डीआईजी सेंट्रल कश्मीर रेंज राजीव ओमप्रकाश पांडे और एसएसपी गांदरबल सुधांशु धामा के साथ तुलमुल्ला स्थित माता खीर भवानी मंदिर का दौरा किया। उन्होंने माता खीर भवानी मेला-2026 के सुचारू और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षा इंतजामों की व्यापक समीक्षा की।
दौरे के दौरान आईजीपी कश्मीर ने मंदिर परिसर और आसपास के सुरक्षा ग्रिड का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने प्रवेश नियंत्रण, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, भीड़ प्रबंधन उपाय, ट्रैफिक विनियमन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की।
आईजीपी ने सभी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और बाधा रहित अनुभव सुनिश्चित करने के लिए उच्चतम स्तर की सतर्कता, समन्वय और तैयारी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन और सभी जरूरी सेवाओं की समय पर सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अन्य विभागों और हितधारकों के साथ करीबी समन्वय में काम करने को कहा ताकि मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। साथ ही निर्देश दिया कि माता खीर भवानी मंदिर में श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता और सुविधा मुहैया कराई जाए।