J&K: नशे के कारोबार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस का शिकंजा, कुख्यात ड्रग पेडलर जेल भेजा; चार अन्य गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उधमपुर के एक कुख्यात ड्रग पेडलर को पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा और सांबा, कठुआ व राजोरी से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उधमपुर में एक कुख्यात ड्रग पेडलर को पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत हिरासत में लेकर जेल भेज दिया, जबकि सांबा, कठुआ और राजोरी जिलों में चार अन्य आरोपियों को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार उधमपुर जिले के फलाटा गांव निवासी संजय कुमार उर्फ संजू के खिलाफ सक्षम प्राधिकारी की ओर से हिरासत आदेश जारी किया गया था, जिसे शुक्रवार को लागू किया गया। आरोपी को डोडा की भद्रवाह जिला जेल में भेज दिया गया है।
वहीं सांबा जिले में पुलिस ने घगवाल निवासी अनिल कुमार को 1.720 किलोग्राम पोस्त की भूसी के साथ गिरफ्तार किया। उसे उसके घर के पास दोपहिया वाहन पर जाते समय पकड़ा गया।
सांबा के विजयपुर इलाके में पुलिस ने एक अन्य कथित ड्रग तस्कर योगेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसकी कार से 10.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई और वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
कठुआ जिले में पुलिस ने हटली मोड़ इलाके में एक वाहन से 5 ग्राम हेरोइन बरामद कर आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, राजौरी जिले में भेल्ला पुल के पास से नईम नसीर उर्फ राजा को पकड़ा गया, जिसके पास से 2.63 ग्राम हेरोइन मिली।
पुलिस ने बताया कि सभी चार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।