झारखंड: गोड्डा में 28 अक्तूबर से होगी सहायक कारापाल परीक्षा, एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
गोड्डा के महागामा स्थित राजेंद्र स्टेडियम में सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक होगी। एसपी मुकेश कुमार ने तैयारियों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विस्तार
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा की तैयारियां गोड्डा जिले के महागामा स्थित राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर में तेज कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसके सफल संचालन को लेकर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने स्टेडियम का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मैदान में उपलब्ध व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के आवागमन, सुरक्षा इंतजाम और परीक्षा संचालन से संबंधित अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा के लिए निर्धारित स्थल पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने पर जोर दिया।
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए स्टेडियम परिसर में आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, मैदान को शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा के अनुरूप व्यवस्थित किया जा रहा है। अभ्यर्थियों के प्रवेश, शारीरिक मापदंड की जांच, दक्षता परीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
संताल परगना के अभ्यर्थियों के लिए बनाया गया केंद्र
सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के अंतर्गत संताल परगना क्षेत्र के अभ्यर्थियों की शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा के लिए राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर, महागामा को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगी।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि और रिपोर्टिंग समय की जानकारी प्रवेश पत्र एवं आयोग की आधिकारिक सूचना से प्राप्त करें। अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश पत्र साथ लाने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
गोड्डा जिला प्रशासन परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित संचालन के लिए तैयारियों पर विशेष ध्यान दे रहा है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।