Chatra Mob Lynching: दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या मामले में 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 11 आरोपी गिरफ्तार
झारखंड के चतरा जिले में दुष्कर्म के आरोपी की आक्रोशित भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। टंडवा थाना क्षेत्र में हुई घटना की जांच में घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों द्वारा भीड़ को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने की बात सामने आई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड के चतरा जिले में दुष्कर्म के आरोपी की आक्रोशित भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के दौरान भीड़ को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाने के आरोप में दो सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जांच में सामने आई पुलिसकर्मियों की लापरवाही
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनीमेष नैथानी ने बताया कि टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार की ओर से की गई जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को रोकने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। एसपी के अनुसार, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह और दुलारी पूर्ति तथा कांस्टेबल दशरथ महतो और प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
दुष्कर्म के आरोप के बाद भीड़ ने आरोपी को पीटा
पुलिस के अनुसार, चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उस पर पिछली रात एक युवती से दुष्कर्म करने का आरोप था। पुलिस ने बताया कि सोमवार रात युवती शौच के लिए घर से बाहर गई थी। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
अगली सुबह युवती घर लौटी और उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और गांव के कुछ लोगों ने कथित आरोपी को उसी गांव स्थित उसके घर से बाहर निकाला और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
2023 के दुष्कर्म मामले में जेल जा चुका था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मृतक आरोपी वर्ष 2023 के एक दुष्कर्म मामले में जेल में बंद था और हाल ही में जेल से बाहर आया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने भी किया घटनास्थल का दौरा
इस बीच, झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के नेतृत्व में आयोग की एक टीम ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया। टीम ने मृतक के परिवार से मुलाकात कर घटना की वास्तविक स्थिति, इसके पीछे की परिस्थितियों और अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। आयोग के अध्यक्ष ने एक बयान में कहा कि ग्रामीणों से बातचीत के दौरान यह बात सामने आई कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भीड़ आरोपी की पिटाई करती रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित थाने के प्रभारी अधिकारी समेत पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे, लेकिन मूकदर्शक बने रहे।
डीसी और एसपी से मांगी कार्रवाई की जानकारी
घटनास्थल का दौरा करने के बाद आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी, पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई, दर्ज मामले, अब तक हुई गिरफ्तारियों और पीड़ित परिवार को दी गई प्रशासनिक सहायता का ब्योरा मांगा।पुलिस प्रशासन की ओर से चार पुलिसकर्मियों के निलंबन और 11 लोगों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।