Jharkhand: झारखंड में ACB का बड़ा एक्शन, 50 हजार रुपये रिश्वत लेते महिला थाना प्रभारी गिरफ्तार
झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने खूंटी जिले के अहतु थाना की प्रभारी सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एक मामले में मदद के बदले 4.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को एसीबी ने खूंटी जिले के अहतु थाना की प्रभारी सपना सुलेखा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसीबी अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और रिश्वत मांगने के आरोप से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
4.50 लाख रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार नामक व्यक्ति ने एसीबी से शिकायत की थी कि एक मामले में मदद करने के बदले अहतु थाना प्रभारी ने उससे 4.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।
50 हजार रुपये एडवांस लेते ही ACB ने दबोचा
बताया गया कि बातचीत के बाद कथित रिश्वत की रकम में से 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर देने पर सहमति बनी। गुरुवार को जैसे ही थाना प्रभारी ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ जारी, दस्तावेज भी खंगाल रही टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम थाना प्रभारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है, ताकि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाई जा सके।
किस मामले में मांगी गई थी रिश्वत, इसकी भी जांच
महिला थाना प्रभारी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में चर्चा तेज हो गई है। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर रिश्वत किस मामले में मांगी गई थी और इस पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।
जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल एसीबी की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी हर शिकायत का सत्यापन कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।