Jharkhand: चतरा में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
Jharkhand: झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग जगहों पर वज्रपात की घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ईद की खुशियों के बीच इस हादसे ने इलाके में मातम फैला दिया।
विस्तार
झारखंड के कई जिलों में शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम में बदलाव आया। वहीं, चतरा जिले के पत्थलगड़ा में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई वज्रपात की घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे से ईद से पहले सिंघानी में शोक की लहर दौड़ गई और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
महुआ चुनने के दौरान हुआ हादसा
पहली घटना पत्थलगड़ा और गिद्धौर प्रखंड की सीमा पर स्थित बंदरचुवा गांव में हुई। यहां शुक्रवार दोपहर महुआ चुनने गई महिलाओं पर अचानक वज्रपात हो गया। इस हादसे में सिंघानी गांव निवासी मोहम्मद महफूज की पत्नी शमा परवीन (35) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, उनकी 12 वर्षीय पुत्री लाडली उर्फ हुजैफा परवीन और गांव के ही मोहम्मद महबूब की पत्नी जैतून निशा (55) गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जाता है कि अलविदा जुमे की नमाज के बाद महिलाएं महुआ चुनने गई थीं। अचानक मौसम खराब होने पर वे पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं, तभी तेज वज्रपात हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनवारा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, ईद के मद्देनजर मृतका का अंतिम संस्कार उसी दिन कर दिया गया। इस घटना से सिंघानी गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
जेहरा गांव में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत
दूसरी घटना पत्थलगड़ा प्रखंड के मेराल पंचायत अंतर्गत जेहरा गांव में हुई, जहां वज्रपात की चपेट में आकर दो सगी बहनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान संजय भुइयां की पत्नियां कल्याणी देवी और पूनम देवी के रूप में हुई है।
बाल-बाल बचे बच्चे
जानकारी के अनुसार, तीनों घर के बाहर बैठे थे, तभी पास के पेड़ पर वज्रपात हुआ और उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में संजय भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पास में खेल रहे दो बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटकमसांडी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया और संजय को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
ये भी पढ़ें: CM हेमंत सोरेन के खिलाफ बयान देना पूर्व मंत्री को पड़ा भारी, कांग्रेस ने तीन साल के लिया निकाला
अंचलाधिकारी ने पीड़ित से की मुलाकात
अंचलाधिकारी उदल राम सिंघानी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिले और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इन दोनों घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ईद की खुशियों के बीच आई इस त्रासदी ने कई परिवारों की दुनिया उजाड़ दी और गांवों में गमगीन माहौल बना हुआ है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.