BOB Apprentice Result: 5000 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का रिजल्ट जारी, अब चयनित अभ्यर्थियों को करना होगा ये काम
Bank of Baroda Apprentice Result 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा ने अप्रेंटिस भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। चयनित उम्मीदवारों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों को पास करना होगा। अंतिम नियुक्ति सभी चरण सफलतापूर्वक पास करने के बाद ही मिलेगी। चयनित अभ्यर्थियों की सूची का पीडीएफ नीचे उपलब्ध है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Bank of Baroda Apprentice Result 2026: बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने अप्रेंटिस भर्ती 2026 की ऑनलाइन परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने इस भर्ती परीक्षा में हिस्सा लिया था, वे अब बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सेलेक्ट लिस्ट में अपना BFSI SSC रोल नंबर देख सकते हैं।
बैंक ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल चयन प्रोविजनल (अस्थायी) है। अंतिम रूप से अप्रेंटिस के रूप में नियुक्ति पाने के लिए अभ्यर्थियों को तीन जरूरी चरण पूरे करने होंगे।
सबसे पहले होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
चयनित उम्मीदवारों को अपने आवंटित बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय कार्यालय में सभी मूल दस्तावेज, उनकी दो स्वप्रमाणित (Self-Attested) प्रतियां और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना होगा।
दस्तावेजों में जन्मतिथि प्रमाण, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अंकतालिकाएं, जाति या EWS प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), PwD प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पता प्रमाण, बैंक आवेदन की प्रति तथा NATS/NAPS पोर्टल आईडी का प्रिंटआउट शामिल होगा।
स्थानीय भाषा की परीक्षा भी होगी
दस्तावेज सत्यापन के बाद उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का परीक्षण देना होगा। इसमें लिखने, पढ़ने और बोलने की क्षमता जांची जाएगी।
हालांकि जिन उम्मीदवारों ने कक्षा 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा पढ़ी है और इसका प्रमाण प्रस्तुत कर देंगे, उन्हें इस परीक्षा से छूट मिलेगी। भाषा परीक्षा में असफल होने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं होगी।
मेडिकल टेस्ट पास करना भी जरूरी
अंतिम चरण में उम्मीदवारों का मेडिकल परीक्षण बैंक द्वारा अधिकृत अस्पताल या मेडिकल सेंटर में कराया जाएगा। मेडिकल जांच का खर्च उम्मीदवार को स्वयं वहन करना होगा।
BOB Apprentice 2026 Selected Candidates - PDF
ईमेल पर मिलेगी आगे की जानकारी
बैंक ने बताया है कि प्रोविजनल रूप से चयनित उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी उनके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हुआ है, उन्हें अलग से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि चयन सूची में कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे सुधारने का अधिकार बैंक के पास सुरक्षित रहेगा और चयन प्रक्रिया से जुड़ा उसका निर्णय अंतिम होगा।