PSSSB Vacancy: एक्साइज-टैक्सेशन इंस्पेक्टर के पदों पर चल रही है भर्ती, स्नातक की डिग्री वाले कर सकते हैं आवेदन
PSSSB Recruitment 2026: पंजाब एक्साइज और टैक्सेशन इंस्पेक्टर के पदों भर्ती निकली है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इस भर्ती के लिए स्नातक डिग्री धारक उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
PSSSB Vacancy 2026: पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) ने एक्साइज और टैक्सेशन इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 197 पदों को भरा जाएगा।
आवेदन की क्या है शर्ते?
आबकारी निरीक्षक (Excise Inspector) पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, पंजाब सरकार के नियमों के अनुसार अभ्यर्थी ने 10वीं कक्षा में पंजाबी भाषा एक विषय के रूप में पढ़ी होनी चाहिए। पंजाब में सरकारी नौकरियों के लिए यह शर्त जरूरी मानी जाती है।
इसके अलावा, उम्मीदवार के पास कंप्यूटर साक्षरता प्रमाण पत्र होना भी आवश्यक है। यह प्रमाण पत्र किसी ISO प्रमाणित संस्थान से कम से कम 120 घंटे के कंप्यूटर कोर्स का होना चाहिए।
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, SC और BC श्रेणी के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
चयन प्रक्रिया
- चयन मुख्य रूप से वस्तुनिष्ठ प्रकार (Objective Type) लिखित परीक्षा के आधार पर होगा।
- परीक्षा में सामान्य ज्ञान, गणित, तार्किक क्षमता, अंग्रेजी, पंजाबी भाषा और पंजाब के इतिहास व संस्कृति से प्रश्न पूछे जाएंगे।
- लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया (जैसे दस्तावेज सत्यापन आदि) के लिए बुलाया जाएगा।
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
इस भर्ती के लिए आवेदन शुल्क सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों हेतु 1000 रुपये निर्धारित किया गया है। SC, BC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। पूर्व सैनिक और उनके आश्रितों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये तय किया गया है, जबकि दिव्यांग (Handicapped) उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट sssb.punjab.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए ‘Applications’ टैब पर क्लिक करें।
- वहां ‘Excise Inspector Recruitment 2026’ के लिंक को चुनें।
- नया रजिस्ट्रेशन करें और अपना लॉगिन आईडी व पासवर्ड प्राप्त करें।
- आवेदन पत्र में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी ध्यानपूर्वक भरें।
- जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर स्कैन करके अपलोड करें।
- अपनी श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- अंत में फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।