SBI Recruitment 2026: रिटायर्ड बैंक कर्मचारियों के लिए 821 पदों पर भर्ती, अंतिम तिथि कल; 45 से 80 हजार तक वेतन
SBI Concurrent Auditor Recruitment 2026: एसबीआई में सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए संविदा आधार पर नौकरी पाने का मौका है। एसबीआई 821 समवर्ती लेखा परीक्षकों की भर्ती कर रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 11 जून है। इसमें 45,000 से 80,000 रुपये मासिक वेतन तक के पद शामिल हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
SBI Concurrent Auditor Recruitment 2026: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में नौकरी की तलाश कर रहे सेवानिवृत्त बैंक अधिकारियों के लिए अच्छी खबर है। एसबीआई ने समवर्ती लेखा परीक्षक (Concurrent Auditor) के 821 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पहले से जारी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 जून 2026 है। ऐसे में इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवारों के पास आवेदन करने के लिए बहुत कम समय बचा है। उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
821 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत एसबीआई में कुल 821 समवर्ती लेखा परीक्षक पदों को भरा जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति बैंक की विभिन्न शाखाओं और ऑडिट कार्यों के लिए की जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
- इस भर्ती के लिए केवल एसबीआई के सेवानिवृत्त अधिकारी आवेदन करने के पात्र हैं।
- उम्मीदवारों के पास क्रेडिट, ऑडिट या फॉरेक्स (विदेशी मुद्रा) कार्यों का अनुभव होना वांछनीय है।
- इसके अलावा अधिकारी बैंक की सेवा से 60 वर्ष की आयु में नियमित सेवानिवृत्ति (Superannuation) के आधार पर रिटायर हुए होने चाहिए।
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS), इस्तीफा देने वाले, निलंबित या अन्य कारणों से सेवा छोड़ने वाले अधिकारी सामान्य रूप से पात्र नहीं होंगे। हालांकि एसबीआई के निर्धारित नियमों के अनुसार कुछ VRS लेने वाले अधिकारी 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद आवेदन कर सकते हैं।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा
- शॉर्टलिस्टिंग
- इंटरव्यू
बैंक की शॉर्टलिस्टिंग समिति आवेदन पत्रों की जांच कर उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाएगी।
इंटरव्यू कुल 100 अंकों का होगा। अंतिम मेरिट सूची केवल इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक आयु वाले उम्मीदवार को मेरिट में प्राथमिकता दी जाएगी।
कितना मिलेगा वेतन?
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार मासिक निश्चित मानदेय दिया जाएगा।
| रिटायर्ड ग्रेड | मासिक मानदेय |
|---|---|
| MMGS-III | ₹45,000 |
| SMGS-IV | ₹50,000 |
| SMGS-V | ₹65,000 |
| TEGS-VI | ₹80,000 |
इसके अलावा यदि किसी अधिकारी को क्लस्टर ऑडिट, करेंसी चेस्ट वेरिफिकेशन, फॉरेक्स ट्रांजैक्शन या अन्य विशेष ऑडिट कार्य सौंपा जाता है तो प्रति शाखा प्रति विजिट 2,000 रुपये अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा।
- यह मानदेय पेंशन से अलग होगा।
- बैंक की ओर से आवास, फर्नीचर या अन्य भत्ते नहीं दिए जाएंगे।
- भविष्य निधि (PF), ग्रेच्युटी या अन्य सेवा लाभ नहीं मिलेंगे।
- आयकर नियमों के अनुसार स्रोत पर कर (TDS) काटा जाएगा।
- चयनित अधिकारियों को HRMS में एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से संबंधित लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने से पहले सभी पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ लेना चाहिए।