SSC CGL 2025: एसएससी सीजीएल भर्ती की अंतिम रिक्तियां जारी, नौ से 12 मार्च तक भरनी होगी पोस्ट प्रेफरेंस
SSC CGL 2025: एसएससी ने सीजीएल 2025 भर्ती के लिए कुल 15,130 अंतिम रिक्तियां घोषित की हैं। टियर-2 परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए 9 से 12 मार्च तक ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस विंडो खुलेगी। उम्मीदवारों को अपनी पसंद की पोस्ट भरनी होगी।
विस्तार
SSC CGL 2025: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (CGLE 2025) के लिए अंतिम रिक्तियों की सूची जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 15,130 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। आयोग ने बताया है कि सीजीएल 2025 की विभिन्न पोस्ट के लिए ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस विंडो 9 मार्च से खोली जाएगी। उम्मीदवार इस विंडो के माध्यम से अपनी पसंद की पोस्ट भर सकेंगे।
12 मार्च तक ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस भरने का मौका
आधिकारिक नोटिस के अनुसार, एसएससी सीजीएल टियर-2 रिजल्ट 2025 जारी होने से पहले सभी उम्मीदवारों को अपनी पोस्ट की प्राथमिकता (Preference) ऑनलाइन भरनी होगी। इसके लिए सुविधा एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर उपलब्ध होगी। ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस विंडो 12 मार्च शाम 6 बजे तक खुली रहेगी। इसके बाद उम्मीदवारों को प्रेफरेंस भरने का मौका नहीं मिलेगा।
टियर-2 परीक्षा में शामिल हुए सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने ‘कैंडिडेट लॉगिन’ में जाकर यह प्रक्रिया पूरी करें। लॉगिन करने के बाद ‘My Application’ टैब में प्रेफरेंस भरने की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रेफरेंस फॉर्म भरने से पहले रखें इस बात का ध्यान
एसएससी के आधिकारिक नोटिस में यह भी कहा गया है कि उम्मीदवार प्रेफरेंस फॉर्म भरने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि वे जिस पद के लिए आवेदन कर रहे हैं, उसके लिए जरूरी शारीरिक (Physical) और मेडिकल मानकों को पूरा करते हों।
SSC CGL 2025: प्रेफरेंस भरने की प्रक्रिया
उम्मीदवारों को अपनी पसंद की पोस्ट भरने के बाद यह सुनिश्चित करना होगा कि वे Submit बटन पर क्लिक करके फॉर्म जमा करें। अगर कोई उम्मीदवार तय समय सीमा के अंदर अपना ऑप्शन नहीं भरता है, तो उसे बाद में यह मौका नहीं दिया जाएगा।
ऐसे उम्मीदवारों को फाइनल मेरिट लिस्ट या अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। इसलिए टियर-2 परीक्षा में शामिल हुए सभी उम्मीदवारों के लिए ऑप्शन-कम-प्रेफरेंस भरना अनिवार्य है, तभी उनका नाम अंतिम मेरिट लिस्ट और अंतिम चयन के लिए विचार किया जाएगा।
एसएससी के नोटिस में यह भी बताया गया है कि पीडब्ल्यूबीडी (दिव्यांग) उम्मीदवारों को केवल उन्हीं पदों के लिए प्रेफरेंस भरनी चाहिए जो उनकी दिव्यांगता के अनुसार उपयुक्त घोषित किए गए हैं।
यदि कोई पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवार ऐसे पद के लिए चुन लिया जाता है जो उसकी दिव्यांगता के लिए उपयुक्त नहीं माना गया है, तो संबंधित विभाग उसकी उम्मीदवारी रद्द कर सकता है।
कमेंट
कमेंट X