SSC GD 2026: एसएससी जीडी भर्ती का शेड्यूल जारी, 27 अप्रैल से शुरू होंगी परीक्षाएं; 15 अप्रैल तक चुनना होगा शहर
SSC GD Constable Exam 2026: एसएससी ने जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा 27 अप्रैल से मई अंत तक चार चरणों में होगी। अभ्यर्थी 11-15 अप्रैल के बीच अपनी पसंदीदा परीक्षा सप्ताह चुन सकते हैं।
विस्तार
SSC GD 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कांस्टेबल (GD) भर्ती परीक्षा 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs), स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) और असम राइफल्स में राइफलमैन (GD) के पदों के लिए यह परीक्षा 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर मई 2026 के अंत तक देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
आयोग ने उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार ‘वीक प्रेफरेंस’ की सुविधा प्रदान की है। इसके तहत अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा सप्ताह का चयन कर सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को आयोग के निर्धारित पोर्टल पर अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके परीक्षा विंडो के लिए अपनी प्राथमिकताएं दर्ज करनी होंगी।
नोट करें परीक्षा का पूरा शेड्यूल
जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा चार अलग-अलग सप्ताहों में आयोजित की जाएगी। पहला सप्ताह 27 अप्रैल से 2 मई तक, दूसरा सप्ताह 4 मई से 9 मई तक, तीसरा सप्ताह 18 मई से 23 मई तक और चौथा सप्ताह 25 मई से 30 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है।
| सप्ताह | तिथि |
|---|---|
| पहला सप्ताह | 27 अप्रैल - 2 मई 2026 |
| दूसरा सप्ताह | 4 मई - 9 मई 2026 |
| तीसरा सप्ताह | 18 मई - 23 मई 2026 |
| चौथा सप्ताह | 25 मई - 30 मई 2026 |
उम्मीदवारों को सभी उपलब्ध परीक्षा सप्ताहों के लिए अपनी प्राथमिकता क्रम में विकल्प भरना अनिवार्य होगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा सप्ताह चयन की सुविधा 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 3 बजे से शुरू होकर 15 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
| प्रक्रिया | तिथि और समय |
|---|---|
| शुरू | 11 अप्रैल 2026, 3:00 PM |
| अंतिम तिथि | 15 अप्रैल 2026, 5:00 PM |
एसएससी ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नवीनतम अपडेट और आवश्यक निर्देशों की जानकारी प्राप्त करते रहें। यह भर्ती प्रक्रिया लाखों उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है, ऐसे में समय पर तैयारी और सही विकल्प चयन बेहद अहम होगा।