UPCISB Vacancy 2026: यूपी के सहकारी बैंक में इंजीनियर से लेकर मैनेजर तक भर्ती, स्नातक वाले कर सकते हैं आवेदन
UP Cooperative Bank Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा बोर्ड ने सहकारी बैंकों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के तहत मैनेजर, जूनियर मैनेजर, सहायक, टाइपिस्ट और सिविल इंजीनियर जैसे पदों पर कुल 116 वैकेंसी भरी जाएंगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
विस्तार
UP Cooperative Bank Vacancy: उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा बोर्ड (यूपीसीआईएसबी) ने संयुक्त सहकारी बैंकिंग और तकनीकी सेवा परीक्षा (विशेष भर्ती)–2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत जिला सहकारी बैंकों और उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ में प्रबंधक, कनिष्ठ प्रबंधक, सहायक/कैशियर, सहायक/टाइपिस्ट तथा सहायक अभियंता (सिविल) जैसे पदों पर कुल 116 रिक्तियां भरी जाएंगी।
इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं और चयन प्रक्रिया के माध्यम से इन पदों पर नियुक्ति प्राप्त कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
- मैनेजर और जूनियर मैनेजर: उम्मीदवार के पास कम से कम 55% अंकों के साथ B.Com या अर्थशास्त्र/गणित/सांख्यिकी में स्नातक की डिग्री होनी चाहिए, साथ ही कंप्यूटर का ‘O’ लेवल सर्टिफिकेट होना जरूरी है। इसके अलावा B.Tech/BE (CS/IT), BCA, MCA या बैंकिंग/फाइनेंस/HR में BBA/MBA करने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
- असिस्टेंट/कैशियर (क्लर्क): उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 55% अंकों के साथ स्नातक की डिग्री होनी चाहिए, साथ ही कंप्यूटर का CCC सर्टिफिकेट होना आवश्यक है।
- असिस्टेंट/टाइपिस्ट: उम्मीदवार के पास स्नातक की डिग्री होनी चाहिए और हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट तथा अंग्रेजी में 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड होनी चाहिए, साथ ही कंप्यूटर का CCC सर्टिफिकेट भी जरूरी है।
- सहायक अभियंता (सिविल): उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक (B.Tech/BE) की डिग्री होना अनिवार्य है।
आयु सीमा की शर्तें क्या?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है, यानी अभ्यर्थी का जन्म 1 जनवरी 2005 को या उसके बाद हुआ होना चाहिए। वहीं अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसके अनुसार उम्मीदवार का जन्म 1 जनवरी 1986 को या उससे पहले हुआ होना चाहिए। दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष रखी गई है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अनुसूचित जाति (SC), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), राज्य सरकार के कर्मचारी और कुशल खिलाड़ियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी गई है।
कितना लगेगा आवेदन शुल्क?
उत्तर प्रदेश सहकारी बैंक भर्ती 2026 के लिए आवेदन शुल्क उम्मीदवार की श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है। उत्तर प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को 500 रुपये, अनुसूचित जाति (SC) के उम्मीदवारों को 250 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह शुल्क एक चरण की परीक्षा के लिए है। यदि परीक्षा दो चरणों (प्रारंभिक और मुख्य) में आयोजित की जाती है, तो उम्मीदवारों को दोनों चरणों के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा।