सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त

Assembly Election: प्रधानमंत्री मोदी बोले- देश की संसद में तृणमूल का महिला विरोधी चेहरा उजागर

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता/चेन्नई Published by: Shivam Garg Updated Sun, 19 Apr 2026 10:54 PM IST
विज्ञापन
खास बातें

Assembly Election Live Updates: देश के तीन राज्यों असम, केरल और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सबकी नजरें पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर टिकी हैं, जहां अलग-अलग चरणों में वोट डाले जाएंगे। सभी राजनीतिक दल और गठबंधन अपनी जीत पक्की करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। नेता अलग-अलग मुद्दों के जरिए जनता को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों में विधानसभा चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें...     

Assembly Elections 2026 LIVE Updates PM campaign Tamil Nadu CM Mamata Bengali identity BJP TMC DMK hindi news
चुनावी राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
Trending Videos

लाइव अपडेट

10:07 PM, 19-Apr-2026

टीएमसी विधायक की संपत्ति पर आयकर विभाग की नजर, हलफनामे में गड़बड़ी के आरोप

पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच टीएमसी विधायक देबाशीश की संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आयकर विभाग ने उनके चुनावी हलफनामे में घोषित संपत्तियों और हालिया छापेमारी में बरामद सामान के बीच अंतर पाए जाने का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग ने अपनी जांच रिपोर्ट चुनाव आयोग और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेज दी है। छापेमारी के दौरान विधायक के घर से करीब 1.75 करोड़ रुपये के हीरे के जेवर, सोना और गोल्ड बिस्किट बरामद हुए, जबकि हलफनामे में इनका जिक्र नहीं बताया गया है। विभाग ने विधायक से संपत्ति के स्रोत और स्वामित्व को लेकर जवाब मांगा है। साथ ही 2021 से अब तक उनकी संपत्ति में करीब 1.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी पर भी सवाल उठाए गए हैं। रासबेहारी सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होना है, ऐसे में यह मामला चुनावी माहौल को प्रभावित कर सकता है।
05:10 PM, 19-Apr-2026

'टीएमसी ने लोगों को लूटने में पीएचडी कर ली है'

पीएम मोदी - फोटो : आईएनएस
पीएम मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि टीएमसी के शासनकाल में युवा भर्ती, शिक्षकों की नियुक्ति और मध्याह्न भोजन कार्यक्रम में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ है। साथ ही चक्रवातों से प्रभावित लोगों के लिए आवंटित राहत निधि का भी दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने लोगों को लूटने में पीएचडी कर ली है। 

उन्होंने कहा कि इस बार मैं देख रहा हूं कि बंगाल का चुनाव भाजपा के लोग नहीं, भाजपा के उम्मीदवार और कार्यकर्ता नहीं... ये चुनाव तो बंगाल की मेरी जनता लड़ रही है, बंगाल के मेरे भाई-बहन चुनाव लड़ रहे हैं, बंगाल के नौजवान चुनाव लड़ रहे हैं, बंगाल के किसान और मजदूर चुनाव लड़ रहे हैं। मैं बंगाल में जहां भी जा रहा हूं-यही भाव देख रहा हूं, इसलिए आज टीएमसी के गुंडे डर से कांप रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर कोई कह रहा है कि इस बार हर अत्याचार का हिसाब होगा। इस बार पश्चिम बंगाल में सिर्फ एक ही स्वर सुनाई दे रहा है, गली-गली में सिर्फ एक ही नारा है, घर घर में एक ही संकल्प है- पलटानो दरकार, चाई भाजपा सरकार।

उन्होंंने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाने आया हूं कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास करेगी, लेकिन अत्याचारियों और लुटेरों का पूरा हिसाब करेगी। चुन-चुन कर हिसाब लिया जाएगा। आप यहां भाजपा का सीएम बनाइए, फिर पीएम और सीएम मिलकर हर किसान के खाते में किसान सम्मान निधि के 9 हजार रुपए सीधे जमा किए जाएंगे। साथ ही बंगाल की मंडियों से टीएमसी के दलालों को भी भगाया जाएगा, ताकि किसानों को उपज के उचित दाम मिल सकें। ये मोदी की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार नीली क्रांति का विस्तार करेगी। भाजपा सरकार बंगाल को मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाएगी। पिछले दशक में भाजपा शासित राज्यों में मछली उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है। बिहार में मछली उत्पादन दोगुना हो गया है, और ओडिशा में 150 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। हालांकि, बंगाल में पिछले दशक में मछली उत्पादन में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई है। इसका कारण टीएमसी की खराब नीतियां हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी सिर्फ और सिर्फ अपने वोट बैंक की सगी है, घुसपैठियों की सगी है। बाकी इनको किसी से कोई लेना-देना नहीं है। बीते 2-3 दिनों में देश की संसद में टीएमसी का महिला विरोधी चेहरा भी साफ साफ नजर आया है। देश की बहन और बेटियों को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने पर चर्चा हुई, लेकिन टीएमसी ने इस कानून को पारित नहीं होने दिया।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में टीएमसी का महिला-विरोधी रुख खुलकर सामने आया है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संसद में चर्चा हुई। हालांकि, टीएमसी ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन नहीं किया। टीएमसी का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं राज्य विधानसभा में उनसे सवाल करेंगी। महिला विधायकों की संख्या जितनी अधिक होगी, टीएमसी द्वारा महिलाओं के खिलाफ की गई हिंसा के कृत्यों के उजागर होने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी बहनों-बेटियों के आरक्षण को रोक रही है, जबकि संसद में कानून बना है, लेकिन वह अपने वोट बैंक को धर्म के आधार पर आरक्षण देने लगी है। ओबीसी का आरक्षण छीनकर मुस्लिम समाज को आरक्षण देने में जुटी है।
03:22 PM, 19-Apr-2026

CPI सांसद ने चुनाव आयोग को लिखा पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया राष्ट्र संबोधन को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सीपीआई सांसद पी. संतोष कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि यह संबोधन आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।

सीपीआई सांसद ने अपने पत्र में कहा कि यह संबोधन उन राज्यों में दिया गया था जहां आचार संहिता लागू है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें राजनीतिक पक्षधरता और चुनिंदा तथ्यों का उपयोग किया गया, जिससे जनता की राय प्रभावित करने की कोशिश हुई। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में तुरंत जांच और कार्रवाई की मांग की है। 

पत्र में यह भी कहा गया कि इस संबोधन का प्रसारण दूरदर्शन और संसद टीवी जैसे सरकारी प्लेटफॉर्म पर किया गया, जो सार्वजनिक संसाधनों का दुरुपयोग है। सीपीआई सांसद का कहना है कि इस तरह का उपयोग चुनावी निष्पक्षता को प्रभावित करता है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
02:53 PM, 19-Apr-2026

I-PAC के कामकाज बंद होने की खबरें झूठी, TMC ने किया खंडन

पश्चिम बंगाल में इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (I-PAC) के 20 दिनों तक कामकाज बंद करने और कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजने की खबरों को तृणमूल कांग्रेस  ने सिरे से खारिज कर दिया है। टीएमसी ने साफ कहा है कि यह दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है, जिसका उद्देश्य चुनावी माहौल में भ्रम फैलाना है।

पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि आई-पैक की टीम राज्य में पूरी तरह सक्रिय है और चुनावी रणनीति का काम पहले की तरह जारी है। टीएमसी ने कहा कि ऐसी खबरें जमीनी स्तर पर पार्टी के समर्थन को कमजोर दिखाने की कोशिश हैं, लेकिन जनता पूरी तरह जागरूक है और सही समय पर जवाब देगी।
02:09 PM, 19-Apr-2026

महिला आरक्षण बिल पर AIADMK का हमला

तमिलनाडु की राजनीति में महिला आरक्षण बिल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एआईएडीएमके प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने डीएमके सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं का भरोसा सरकार ने खो दिया है और वे इसे कभी माफ नहीं करेंगी।

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने केवल बिल को ही नहीं रोका बल्कि तमिलनाडु की जनता को भी निराश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, वीसीके और वाम दल जैसे डीएमके सहयोगी भी महिला आरक्षण के विरोध में खड़े रहे, जिससे महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए।
01:25 PM, 19-Apr-2026

नंदीग्राम में कंगना रनौत का रोड शो, बोलीं-अन्याय के खिलाफ खड़ा रहता है यह क्षेत्र

बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा सांसद कंगना रनौत ने नंदीग्राम में जोरदार रोड शो किया, जहां समर्थकों की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला। रोड शो के दौरान कंगना रनौत ने कहा कि नंदीग्राम की जनता हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ी रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार यहां से ममता बनर्जी को जनता ने नकार दिया था और इस बार वह यहां से चुनाव भी नहीं लड़ रही हैं।
 

कंगना ने कहा कि नंदीग्राम की ताकत पूरे राज्य में दिखाई दे रही है और इस बार चुनाव को लेकर माहौल बेहद उत्साहपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि इलाके में हर तरफ भाजपा के समर्थन का माहौल नजर आ रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
12:11 PM, 19-Apr-2026

राजनाथ सिंह का डीएमके सरकार पर हमला

तेनकासी में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तमिलनाडु सरकार और डीएमके पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोग परंपराओं और आस्था के प्रति बेहद समर्पित हैं। राजनाथ सिंह ने सनातन धर्म को लेकर बयान देते हुए कहा कि जो भी इसे खत्म करने की कोशिश करेगा, वह जनता के समर्थन से स्वतः ही अलग-थलग पड़ जाएगा।

उन्होंने सब्रमण्यम स्वामी मंदिर और थिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम परंपरा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं को उनके धार्मिक अधिकार से वंचित किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि अदालत के आदेश के बावजूद पुलिस ने दीप प्रज्ज्वलन के लिए जा रहे भक्तों को रोका और गिरफ्तार किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि अगर राज्य में एनडीए की सरकार बनती है तो सभी धार्मिक परंपराओं को फिर से बहाल किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि भक्तों के अधिकारों की रक्षा करना भाजपा की प्राथमिकता होगी।
12:11 PM, 19-Apr-2026

तमिलनाडु चुनाव: डीएमके ने जारी किया चेन्नई 'सुपर 6' घोषणा पत्र

मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवालयम में चेन्नई जिले के लिए चेन्नई सुपर 6 घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में शहरी विकास और जनकल्याण से जुड़े कई वादों पर जोर दिया गया है।
11:34 AM, 19-Apr-2026

केरल चुनाव: 'नतीजों के बाद सीएम चेहरे पर राय देंगे'

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अपनी राय 4 मई को विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद ही देंगे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से पहले इस तरह की चर्चाओं की कोई आवश्यकता नहीं है और सही समय नतीजों के बाद ही होगा। मुरलीधरन ने स्पष्ट किया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस के विधायकों और सांसदों की राय लेकर ही संसदीय दल के नेता का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी किसी भी निर्णय की जल्दबाजी नहीं है।
11:31 AM, 19-Apr-2026

तमिलनाडु: चोल विरासत पर टिप्पणी से विवाद, भाजपा ने कहा- माफी मांगें कमल हासन

चेन्नई हार्बर में चुनाव प्रचार के दौरान अभिनेता-राजनेता कमल हासन द्वारा तमिलनाडु के मंत्री सेकर बाबू के मंदिर पुनर्निर्माण कार्यों की तुलना चोल सम्राट राजा राजा चोल प्रथम से किए जाने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने इसकी जमकर निंदा की है। रविवार को तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने कमल हासन की टिप्पणी को "बेहद खेदजनक" और "इतिहास के महानतम तमिल शासकों में से एक की विरासत का अपमान" बताया।

हासन ने कहा था कि शेखर बाबू ने राजा राजा चोल से भी अधिक 'कुंभभिषेकम' (मंदिर अभिषेक) किए थे, इस बयान पर एएनएस प्रसाद ने कहा कि कमला हासन अपनी टिप्पणियों को वापस लें और सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें। भाजपा नेता एएनएस प्रसाद ने कहा कि तमिल सभ्यता, प्रशासन और मंदिर वास्तुकला में राजा राजा चोल का योगदान अतुलनीय रहा है और इसकी तुलना राजनीतिक उद्देश्यों से करना उचित नहीं है।

चोल सम्राट की उपलब्धियों को गिनाते हुए एएनएस प्रसाद ने कहा कि राजा राजा चोल प्रथम ने तंजावुर में प्रसिद्ध बृहदीश्वर मंदिर का निर्माण कराया, जो द्रविड़ वास्तुकला के श्रेष्ठ उदाहरणों में से एक है और चोल साम्राज्य का विस्तार श्रीलंका तथा दक्षिण-पूर्व एशिया के कई हिस्सों तक किया। उन्होंने यह भी कहा कि शासक ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और मंदिर अनुदानों की ऐसी परंपरा शुरू की, जिससे धार्मिक गतिविधियां व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकीं।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed