10:03 AM, 11-Aug-2026
Jharkhand Bandh Today Live Updates News in Hindi: अशोक बड़ाईक बोले- ‘छात्र कोई उग्रवादी नहीं थे’
बीजेपी नेता अशोक बड़ाईक ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे तो उन पर लाठीचार्ज करने की जरूरत क्या थी। अशोक बड़ाईक ने कहा कि लाठीचार्ज में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, “वे कोई उग्रवादी नहीं थे कि पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं और आंसू गैस के गोले छोड़े।”
बीजेपी नेता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और उसे छात्रों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पेपर लीक और नौकरियां बेचने जैसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और हर जगह अव्यवस्था का माहौल है।
10:00 AM, 11-Aug-2026
Jharkhand Bandh Today Live Updates News in Hindi: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP का बंद
बीजेपी नेताओं का कहना है कि झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बंद बुलाया गया है। पार्टी का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसमें कई छात्र-छात्राएं घायल हुए।
09:51 AM, 11-Aug-2026
Jharkhand Bandh Live: भाजपा का झारखंड बंद आज, रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से आज यानी मंगलवार को आहूत झारखंड बंद को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।