सब्सक्राइब करें

हिमाचल पंचायत चुनाव: हमीरपुर जिले की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, जानें कहां कितना मतदान

न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: Ankesh Dogra Updated Thu, 28 May 2026 07:04 PM IST
विज्ञापन
खास बातें

Himachal Pradesh Panchayat Election 2026 Live Updates: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। शाम छह बजे के बाद के नतीजे आने शुरू हुए। पढ़ें पूरी खबर...

Himachal Panchayat Elections Second Phase of Voting And Result Today
हिमाचल पंचायत चुनाव 2026 - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:04 PM, 28-May-2026

दूसरे चरण में कुल्लू जिले में 85.53 प्रतिशत मतदान

जिला में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को कुल्लू ज़िला की 85 पंचायतों में कुल 85.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरे ज़िला में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।  विकास खंड आनी की 13 पंचायतों में 84.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विकास खंड नग्गर की 15 पंचायतों में 86.28 प्रतिशत तथा विकास खंड भुंतर की 17 पंचायतों में 86.12 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार विकास खंड कुल्लू की 14 पंचायतों में 86.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड निरमंड की 12 पंचायतों में 80.77 प्रतिशत मतदान हुआ,जबकि विकास खंड बंजार की 14 पंचायतों में सर्वाधिक 87.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे।
06:59 PM, 28-May-2026

बिलासपुर में कुल 78.95 फीसदी मतदान

बिलासपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव के तहत सभी 386 मतदान केंद्रों के लिए अंतिम मतदान प्रतिशत जारी कर दिया गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 78.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं। तीन बजे के बाद भी कई बूथ पर वोटिंग हुई।
06:54 PM, 28-May-2026

सिरमाैर में भीषण गर्मी के बावजूद बंपर मतदान, 85.16 प्रतिशत वोटिंग हुई

 सिरमौर जिला में दूसरे चरण में कुल 90 पंचायतों के 538 वार्डों में बंपर मतदान रिकाॅर्ड हुआ है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इस बार मतदान 85.16 प्रतिशत दर्ज हुआ है, जो राज्य के औसत मतदान प्रतिशत (79.52 प्रतिशत) से काफी अधिक है। जिले में कुल 1,25,673 योग्य मतदाताओं में से 1,07,025 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं में वोटिंग को लेकर ज्यादा उत्साह देखा गया। 60,365 में से 51,437 महिलाओं (85.21 प्रतिशत) ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं 65,307 में से 55,588 पुरुषों (85.12 प्रतिशत) ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। मतदान के दौरान सिरमौर जिले में 1 टेंडर वोट भी पोल हुआ है। (टेंडर वोट तब डाला जाता है जब किसी मतदाता को पता चलता है कि उसका वोट पहले ही कोई और डाल चुका है। वहीं जिला हमीरपुर की 82 पंचायतों में लगभग 74.94 प्रतिशत मतदान हुआ। 
06:28 PM, 28-May-2026

चारियां दी धार पंचायत के चुनाव नतीजे घोषित

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के लिए गुरुवार को दूसरा चरण का मतदान हुआ। इसके बाद देर शाम से चुनाव नतीजे आने शुरू हुए। हमीरपुर की चारियां दी धार पंचायत में सुमना कुमारी प्रधान चुनी गईं। जबकि ओंकार चंद को उपप्रधान बनाया गया र्है। 
04:44 PM, 28-May-2026

हमीरपुर की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, 288 में से पांच वोटर ने किया मताधिकार का प्रयोग

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत री के वार्ड नंबर-1 कंगरी में ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनाव का बहिष्कार कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए और उनकी समस्याओं का समाधान भी नहीं किया गया। इसके चलते मतदान केंद्र प्राथमिक पाठशाला कंगरी में सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के बावजूद दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों का दावा है कि दो दिन पहले वह प्रशासनिक अधिकारियों से मिले थे लेकिन उन्हें समस्या के समाधान का संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला।



ग्रामीणों ने बताया कि मतदान तिथियों की घोषणा से पहले ही प्रशासन को चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड के करीब 288 मतदाताओं में से अधिकांश ने मतदान से दूरी बनाए रखी। हालांकि पांच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं वार्ड सदस्य, प्रधान और उपप्रधान सहित अन्य पदों के लिए भी इस वार्ड से किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

ग्रामीणों की मुख्य मांग कंगरी वार्ड को री पंचायत से हटाकर ख्याह लोहाखरियां पंचायत में शामिल करने या अलग पंचायत बनाने की है। ग्रामीणों कहना है कि री पंचायत घर तक पहुंचने के लिए करीब मीलों का सफर तय करना पड़ता है। खड्ड पार कर भी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे पंचायत संबंधी कार्य करवाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष समस्याएं उठाई गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी कारण सर्वसम्मति से चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया गया।

पहली बार मतदाता बने एक युवक ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में भाग न ले पाने का दुख है, लेकिन गांव की अनदेखी से लोग आहत हैं। वहीं पूर्व वार्ड सदस्य ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगें नहीं मानीं तो आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों का भी बहिष्कार किया जाएगा।
04:15 PM, 28-May-2026

कांगड़ा में 3 बजे तक कितना मतदान?

कांगड़ा में दोपहर 3:00 बजे तक 68.62% मतदान। वोटर टर्नआउट बढ़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
03:38 PM, 28-May-2026

शिमला में 98 वर्षीय धनी राम ने किया मतदान

98 वर्ष की आयु में भी लोकतंत्र के प्रति उत्साह और जागरूकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए धनी राम ने शिमला ग्रामीण क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेहरा के वार्ड नंबर 5 सोहल में आयोजित पंचायती राज चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनका यह उत्साह युवाओं सहित सभी मतदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। धनी राम ने मतदान कर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के लोगों ने भी उनके जज्बे और लोकतांत्रिक सोच की सराहना की।

02:52 PM, 28-May-2026

लोकतंत्र को सशक्त बनाये रखने के लिए मतदान करना हम सभी का कर्तव्य: अनुराग सिंह ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के अवसर पर आज अपने जिला हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के समीरपुर गांव में सपरिवार मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाये रखने के लिए मतदान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से पंचायत चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि गाँव के विकास तथा सही प्रतिनिधि के चुनाव के लिए प्रत्येक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला होती हैं और जनता द्वारा चुना गया सक्षम नेतृत्व ही गांवों को विकास की नई दिशा दे सकता है। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए संदेश दिया — पहले मतदान, फिर अन्य काम।


 
02:35 PM, 28-May-2026

चंबा जिले में कितने प्रतिशत मतदान?

चंबा जिले की 116 पंचायतों में पूर्वांह्न 11:00 बजे से लेकर 1:00 बजे तक 29.54 प्रतिशत मतदान हुआ है।
02:34 PM, 28-May-2026

जिला हमीरपुर में एक बजे तक 62.46 प्रतिशत मतदान

Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed