Live
West Asia Live: US-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता, IDF का दावा- लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर कार्रवाई
West Asia Crisis Live Updates: पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से ज्यादा समय से जारी हिंसक संघर्ष ने आज एक निर्णायक मोड़ ले लिया है। अमेरिका और ईरान ने दो सप्ताह के युद्धविराम पर सहमति जताई है, जिसमें दोनों पक्षों ने लड़ाई रोकने और होर्मुज को खुला रखने का वादा किया है। ऐसे में अब बातचीत का अगला दौर इस्लामाबाद में होगा। इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से एक विशेष टीम भेजी जा रही है। इस टीम का नेतृत्व खुद जेडी वेंस करेंगे।हालांकि लेबनान को लेकर स्थिति अभी भी तनावपूर्ण है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
लाइव अपडेट
लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर कार्रवाई
इस्राइली सेना इस्राइल डिफेंस फोर्सेज ने दावा किया है कि उसने लेबनान में हिजबुल्ला से जुड़े महत्वपूर्ण ठिकानों और नेटवर्क को निशाना बनाया है। आईडीएफ के अनुसार, अली यूसुफ हर्शी, जो हिजबुल्ला के महासचिव नईम कासिम के निजी सचिव और करीबी सलाहकार थे, संगठन के संचालन में अहम भूमिका निभाते थे।सेना का कहना है कि हर्शी कासिम के कार्यालय के प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े प्रमुख काम संभालते थे, जिससे उनकी संगठन में महत्वपूर्ण स्थिति थी। इसके अलावा, इस्राइली सेना ने दक्षिण लेबनान में लितानी नदी के दक्षिण हिस्से में हिजबुल्ला द्वारा हथियारों के परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो अहम मार्गों को भी निशाना बनाया। आईडीएफ ने दावा किया कि इस कार्रवाई में करीब 10 हथियार भंडारण केंद्र, लॉन्चर और कमांड सेंटर भी तबाह किए गए हैं।
स्पेन तेहरान में दूतावास फिर खोलेगा
स्पेन ने ईरान की राजधानी तेहरान में अपना दूतावास दोबारा खोलने का फैसला किया है। स्पेन के विदेश मंत्री जोस मैनुअल अल्बेरेस ने कहा कि उन्होंने तेहरान में अपने राजदूत को वापस लौटने और पदभार संभालने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि स्पेन इस कदम के जरिए क्षेत्र में शांति प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाना चाहता है। अलबारेस ने कहा हम हर संभव स्तर पर शांति बहाल करने की कोशिशों में शामिल होंगे, जिसमें तेहरान से भी पहल की जाएगी।पाकिस्तान दौरे पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल का पोस्ट हटाया
पोस्ट हटाए जाने के पीछे फिलहाल कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कदम अक्सर संवेदनशील कूटनीतिक बातचीत के दौरान उठाए जाते हैं, जहां सूचनाओं को लेकर सतर्कता बरती जाती है। इस घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है।
लेबनान पर इस्राइली हमले तेज
लेबनान के दक्षिणी शहरों पर इस्राइली हमले जारी हैं। अल-जजीरा अरबी की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल ने लेबनान के दक्षिणी शहर हब्बूश पर हमला किया। इससे पहले हारूफ और अल दुवैर में भी इस्राइली हमले दर्ज किए गए थे।ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज रवाना होगा पाकिस्तान
ईरान के पाकिस्तान में राजदूत रेजा अमीरी मोगादम ने बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज रात इस्लामाबाद के लिए रवाना होगा। प्रतिनिधिमंडल ईरान की 10-बिंदु शांति योजना पर आधारित वार्ता करेगा। मोगादम ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि इस कदम के बावजूद ईरानियों में इस बात को लेकर संदेह है कि इस्राइली सरकार कूटनीतिक पहल को विफल करने का प्रयास कर सकती है।सीजफायर में लेबनान शामिल होना चाहिए-ब्रिटेन
ब्रिटिश विदेश सचिव इवेट कूपर ने कहा कि अमेरिकी-ईरान सीजफायर में लेबनान को भी शामिल किया जाना चाहिए, जहां इजरायल ने घातक हमले जारी रखे हैं। कूपर ने रॉयटर्स को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से मालवाहन शिपिंग शुल्क-मुक्त होनी चाहिए, और ईरान द्वारा संभावित शुल्क लगाने की रिपोर्टों को खारिज किया।पूर्ण समझौते तक ईरान में और आसपास रहेगी अमेरिकी सेना- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंपने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक बयान देते हुए कहा कि अमेरिका की सैन्य ताकत ईरान और उसके आस-पास तब तक मौजूद रहेगी जब तक असल समझौते का पूर्ण पालन नहीं हो जाता।ट्रंप ने कहा इसमें अमेरिकी जहाज, विमान और सैनिक शामिल होंगे, साथ ही अतिरिक्त गोला-बारूद, हथियार और वह सब कुछ जो दुश्मन के कमजोर किए गए ढांचे को पूरी तरह नष्ट करने के लिए जरूरी हो। राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि समझौते का पालन किसी भी कारण से नहीं हुआ, तो कार्रवाई बड़ी, मजबूत और ऐसी होगी जो किसी ने पहले कभी नहीं देखी।
ट्रंप ने आगे कहा यह लंबे समय पहले तय हुआ था और सभी झूठी बातें और बयानबाजी के बावजूद कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे और होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह सुरक्षित और खुला रहेगा।
लेबनान से दागे गए रॉकेट को इस्राइल ने किया निष्क्रिय
इस्राइली सेना ने जानकारी दी है कि लेबनान की ओर से उत्तरी इस्राइल की दिशा में दागे गए एक रॉकेट को सफलतापूर्वक हवा में ही रोक दिया गया। इस हमले के बाद गलील क्षेत्र में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बज उठे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इस्राइल ने हाल ही में लेबनान पर अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक को अंजाम दिया है। इन हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
आज के बड़े घटनाक्रम, जानिए
-
अमेरिका और ईरान के दो हफ्तों के युद्धविराम के बावजूद, इस्राइली सेनाओं ने लेबनान में अब तक के सबसे भयंकर दिन में कम से कम 254 लोगों की हत्या की।
-
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका और इस्राइल ने समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया और कहा कि लेबनान युद्धविराम में शामिल नहीं है।
-
व्हाइट हाउस ने ईरान के 10-बिंदु प्रस्ताव को खारिज कर दिया, जबकि ट्रंप ने इसे वार्ता के लिए ठीक माना था।
-
गाजा में इस्राइली ड्रोन हमले में अल जज़ीरा पत्रकार मोहम्मद विशाह की मौत हो गई।
-
ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड (IRGC) नौसेना ने समुद्री खानों से बचने के लिए नए पारगमन मार्ग घोषित किए, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य युद्धविराम के तहत खोलने का वादा पूरा किया जा सके।
इस्राइल ने फिर दक्षिण लेबनान पर बरसाए बम
इस्राइली सेना ने एक बार फिर बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला शहर के दक्षिणी उपनगरों में किया गया। इसके अलावा इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों सफाद अल-बत्तिख, माजदल सेलेम, चाकरा और खेरबेत सेलेम पर भी बमबारी की है। हालांकि अभी हमलों में हुए नुकसान और हताहतों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। स्थिति को लेकर लगातार अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।