भोपाल में करोड़ों की निवेश ठगी: रकम दोगुनी करने का झांसा देकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर से एक करोड़ से ज्यादा ऐंठे
भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र में एक दंपती ने मेडिकल कंपनी, एनजीओ और सरकारी टेंडर का झांसा देकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर कोई कुछ ही महीनों में आपकी रकम दोगुनी करने का दावा कर रहा है, तो समझ लीजिए खतरे की घंटी बज चुकी है। आजकल साइबर ठग केवल फर्जी कॉल या लिंक के जरिए ही नहीं, बल्कि भरोसे, रिश्तों, एनजीओ, निवेश योजनाओं और बड़े मुनाफे के सपने दिखाकर लोगों की जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।
भोपाल में सामने आए ताजा मामलों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लालच और भरोसे का फायदा उठाकर ठग करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दे रहे हैं। शाहपुरा थाना क्षेत्र निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आयुष बावरिया से एक दंपती ने मेडिकल कंपनी में निवेश और कुछ ही महीनों में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर ली।
शिकायत की जांच के बाद शाहपुरा पुलिस ने आरोपी अमित शर्मा और उनकी पत्नी दर्शना सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में आयुष की पहचान अमित शर्मा और दर्शना सिंह से हुई थी। दोनों स्वयं को एनजीओ संचालक और मेडिकल क्षेत्र से जुड़ी कंपनी का संचालक बताते थे। बातचीत के दौरान उन्होंने सरकारी टेंडर मिलने, कंपनी के तेजी से विस्तार और निवेशकों को भारी मुनाफा मिलने का दावा किया।
दिल्ली में कंपनी खरीद रहे हैं, सात-आठ महीने में पैसा दोगुना होगा
आरोपियों ने आयुष को भरोसा दिलाया कि दिल्ली में करीब सवा करोड़ रुपये में एक कंपनी खरीदी जा रही है। यदि यह सौदा पूरा हो गया, तो सात-आठ महीने के भीतर निवेशकों की रकम दोगुनी हो जाएगी। साथ ही उन्होंने एनजीओ शुरू कराने में सहयोग का भरोसा भी दिया, जिससे आयुष का विश्वास और बढ़ गया।
इन्हीं दावों पर भरोसा कर आयुष ने अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि दे दी। बाद में जब उन्होंने निवेश का हिसाब और मुनाफा मांगा, तो आरोपियों ने नुकसान होने का हवाला देकर रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर लिया।
एक ही दिन में चार लोगों से 32 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी
शुक्रवार को भोपाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी और धोखाधड़ी के कई मामले सामने आए। शाहपुरा क्षेत्र के राकेश मेहरोत्रा से फर्जी कॉल के जरिए 44,998 रुपये ठग लिए गए। बागसेवनिया निवासी आसीमा मुखर्जी को बैंक के नाम से फर्जी लिंक भेजकर 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। बागसेवनिया क्षेत्र के रिंधू राय को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर आईपीओ और ट्रेडिंग निवेश के नाम पर 26.84 लाख रुपये की चपत लगा दी गई।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: शादी के महज सात दिन बाद तलाक, कोर्ट ने सुनाया फैसला; विवाहिता बोली- मैं किसी और से प्यार करती हूं
साइबर ठगी का मामला दर्ज
टीला जमालपुरा क्षेत्र में अभिषेक की शिकायत पर 88 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला दर्ज हुआ। इन घटनाओं में ठगों ने फर्जी कॉल, बैंक लिंक, व्हाट्सएप निवेश ग्रुप और मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से 32 लाख रुपये से अधिक की ठगी की। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
