Bhopal News: निशातपुरा में मारपीट कर युवक से छीनी बाइक, सोने की अंगूठी और मोबाइल भी ले गए बदमाश
निशातपुरा में कैटरिंग संचालक हर्ष वर्मा से तीन बदमाशों ने मारपीट कर बाइक, मोबाइल, पर्स और आभूषण लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं सूखी सेवनिया में कारोबारी से दो लाख की लूट के आरोपी अब भी फरार हैं।
विस्तार
निशातपुरा इलाके में बदमाशों ने कैटरिंग सर्विस संचालक के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय संचालक हलवाई को घर छोड़ने के बाद अपने घर लौट रहे थे। बदमाशों ने रास्ते में उनसे बाइक, पर्स, सोने की अंगूठी व अन्य सामान छीन लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस को आरोपियों का सुराग लग गया है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि 22 वर्षीय हर्ष वर्मा गुर्जरपुरा इतवारा में रहता है और कैटरिंग सर्विस का संचालन करता है। अपने स्टाफ के साथ वह खुद भी कैटरिंग में खाना बनाने का काम करता है। बुधवार-गुरुवार की रात वह जेल रोड इलाके में एक कार्यक्रम में खाना बनाने के लिए पहुंचा था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने साथ काम करने वाले हलवाई को अस्सी फीट रोड शिवनगर स्थित उसके घर छोड़ने गया था। रात करीब पौने दो बजे वह हलवाई को छोड़ने के बाद बाइक से अपने घर के लिए लौट रहा था। करोंद स्थित शिव मंदिर के पास अचानक तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और जमकर मारपीट कर दी। उसके बाद बदमाशों ने हर्ष की बाइक, मोबाइल फोन, पर्स और हाथ की उंगलियों में पहने एक सोने और दो चांदी की अंगूठियां उतरवा लीं। उसके बाद तीनों बदमाश वहां से भाग निकले। पुलिस ने बीती देर रात तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बदमाशों के बारे में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल गए हैं। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें- 75 साल में पहली घोड़े पर निकली बंसल समाज के दूल्हे की बारात, प्रशासन रहा मुस्तैद
व्यवसायी से लूटपाट करने वाले बेसुराग
इधर सूखी सेवनिया इलाके में कारोबारी को लूटने वाले बदमाशों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि आदर्श नगर सूखी सेवनिया निवासी आबिद खान की काजीकैम्प इलाके में सस्ता इलेक्ट्रानिक्स नाम से दुकान है। सोमवार तड़के वह अपने साथी के साथ कार से घर लौट रहे थे। आदर्श नगर कॉलोनी के गेट के पास कार सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और मारपीट कर दो लाख रुपये छीन लिए। बदमाशों की मारपीट से बचने के लिए आबिद और उनके साथी ने दौड़ लगाई तो बदमाशों ने वहां खड़ी उनकी कार के पांचों कांच फोड़ दिए थे। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण तो दर्ज किया है लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है I
सिग्नल जंप कर भागी बाइक ने युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत
ग्रीन सिग्रल होने पर युवकों ने जैसे ही अपनी बाइक बढ़ाई वैसे ही दूसरी ओर से सिग्नल जंप कर आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर देर शाम उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कोहेफिजा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय मेहराज पिता शहजाद मोती मस्जिद के पास रहता था। वह हलालपुर इलाके में स्थित एक मदरसे में रसोइए का काम करता था। उसके साथ ही नईम नाम का युवक भी इसी मदरसे में काम करता है। मेहराज और नईम गुरुवार की सुबह बाइक से मदरसा जाने के लिए बाइक से निकले थे। लाल घाटी चौराहे पर लाल बत्ती होने पर उन्होंने अपनी बाइक को रोक लिया। चंद सेकंडों बाद जैसे ही चौराहे पर ग्रीन सिग्नल हुआ वैसे ही उन्होंने अपनी बाइक को आगे बढ़ा दिया। उनकी बाइक थोड़ी सरकी ही थी कि गांधी नगर की ओर से बाइकसवार सिग्नल को जंप करते हुए आए तथा उन्होंने नईम और मेहराज की गाड़ी का टक्कर मार दी। बाइक नईम चला रहा था जबकि मेहराज पीछे की सीट पर बैठा था। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर सीधे मेहराज को आकर लगी। हादसे के बाद चारों युवक गिर गए। दूसरी बाइक पर सवार युवकों को ज्यादा चोट नहीं आई थी इसलिए वे तुंरत ही उठकर वहां से भाग गए। इधर बाइक चला रहे नईम को भी ज्यादा चोट नहीं आई थी, लेकिन मेहराज घायल होकर बेसुध हो गया। उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर रात में उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।

कमेंट
कमेंट X