सीएम की अमित शाह से किसान कल्याण पर चर्चा: 17 विभाग बनाएंगे योजना, बड़वानी में दो मार्च को पहली कृषि कैबिनेट
नई दिल्ली में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रदेश के विकास और समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।
विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष और विक्रमोत्सव की जानकारी दी। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने और उनके समग्र विकास के लिए 17 विभाग मिलकर एक संयुक्त कार्य योजना बनाएंगे। इसी महीने आदिवासी अंचल बड़वानी में 2 मार्च को किसानों और आदिवासियों के सम्मान में पहली कृषि कैबिनेट आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य के जीवन और भारतीय संस्कृति को सम्मान देने के लिए पूरे प्रदेश में विक्रमोत्सव के कार्यक्रम होंगे।
यूनियन कार्बाइड स्थल पर बनेगा स्मारक
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में 40 वर्ष पहले हुई गैस त्रासदी के बाद यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के कचरे के निस्तारण का काम उनकी सरकार ने पूरा कराया है। अब उस स्थान पर स्मारक बनाया जाएगा। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं और विज्ञान पर आधारित एक राष्ट्रीय अनुसंधान संस्थान विकसित करने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में नक्सल गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लग चुका है। बालाघाट में बैगा महोत्सव जैसे आयोजन कर आदिवासी क्षेत्रों के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
राष्ट्रपति को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मध्यप्रदेश आने, बाबा महाकाल के दर्शन करने और प्रदेश की प्रगति देखने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा काम हो रहा है। प्रदेश में 15 से 16 वर्ष की करीब 8 लाख से अधिक बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मुफ्त टीका लगाया जा रहा है।
भगोरिया को राष्ट्रीय पर्व का दर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी अंचल में मनाए जाने वाले भगोरिया पर्व को अब राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाएगा। वे अलीराजपुर में आयोजित भगोरिया कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सोयाबीन, दलहन और तिलहन उत्पादन में देश में अग्रणी है। गेहूं उत्पादन में प्रदेश दूसरे स्थान पर है। साथ ही फूड प्रोसेसिंग और ऑर्गेनिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम- सीएम
देशभर में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत आज राजस्थान के अजमेर से की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में संबोधन किया। इस अवसर पर नई दिल्ली से सीएम डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से सहभागिता करते हुए प्रदेश नेतृत्व ने इसे नारीशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलेगी।
ये भी पढ़ें- लव जिहाद के कई रूप: कभी नौकरी तो कभी दोस्ती-प्यार को बनाया जरिया, धर्मांतरण की राजधानी बनता जा रहा भोपाल
'लगभग 8 लाख किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा'
सीएम ने कहा कि प्रदेश में इस अभियान के तहत लगभग 8 लाख किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चरणबद्ध तरीके से स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण की व्यवस्था की जा रही है। नेतृत्व ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और कैंसर-मुक्त भविष्य के लिए उनका टीकाकरण अवश्य कराएं।
नितिन नवीन से भी हुई मुलाकात
इस बीच सीएम और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। प्रदेश में पार्टी और सरकार की गतिविधियों की जानकारी साझा की। सीएम डॉ. मोहन यादव अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीर जारी करते हुए इस मुलाकात की जानकारी दी है।

कमेंट
कमेंट X