MP News: दमोह हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कार बनी कब्र... एक परिवार के तीन लोगों की मौत
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर पूरनयाउ गांव के पास तेज रफ्तार बस और i20 कार की आमने-सामने भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जबेरा थाना क्षेत्र के पूरनयाउ गांव के पास तेज रफ्तार बस और i20 कार की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस और कार के बीच हुई भिड़ंत बेहद तेज थी। टक्कर लगते ही i20 कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
तीन लोगों की मौके पर मौत, दो जिंदगी और मौत से जूझ रहे
पुलिस के अनुसार हादसे में अखिलेश प्रजापति, मुकेश प्रजापति और माया प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रशीद खान निवासी शाहगंज और रीना प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, राहत कार्य में जुटा अमला
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को डायल-112 वाहन के जरिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में प्रधान आरक्षक प्रेम बैरागी और 112 पायलट धन सिंह लोधी की अहम भूमिका रही।
कटनी से सागर जा रही थी कार, दमोह से जबलपुर जा रही थी बस
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा के सीबीएमओ डॉ. डी.के. राय ने बताया कि दुर्घटना पूरनयाउ गांव के पास हुई। अस्पताल लाए गए तीन लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों का इलाज किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि i20 कार कटनी से सागर की ओर जा रही थी, जबकि बस दमोह से जबलपुर की तरफ जा रही थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया घटनास्थल का जायजा
दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही हादसे की वजहों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायलों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
