दमोह में रविवार 21 जून 2026 को आयोजित नीट यूजी री-एग्जाम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। दमोह शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 1147 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1038 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं 109 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और थ्री-लेयर जांच के बाद परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
जिले में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय और पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।
उत्कृष्ट विद्यालय में 438, केंद्रीय विद्यालय में 428 ने दी परीक्षा
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दमोह परीक्षा केंद्र पर 480 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 438 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। यहां 42 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय दमोह केंद्र पर 475 अभ्यर्थियों का पंजीयन था। इनमें से 428 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 47 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज दमोह केंद्र पर 192 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। यहां 172 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 20 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। तीनों केंद्रों की उपस्थिति को मिलाकर कुल 1038 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
सुबह से शुरू हुआ प्रवेश, 1:30 बजे तक मिली एंट्री
परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों का केंद्रों पर पहुंचना सुबह से शुरू हो गया था। प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की गई थी। प्रवेश के दौरान प्रत्येक परीक्षार्थी की सघन जांच की गई। थ्री-लेयर सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र के अंदर जाने दिया गया। परीक्षार्थियों के लिए अंतिम प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित था। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों के साथ पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे परीक्षा के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनी रही।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम से रखी गई नजर
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे और कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा गतिविधियों की सतत निगरानी की गई। री-एग्जाम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पहले की तुलना में अधिक सख्त रखा गया। परीक्षार्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने तक केंद्रों पर अधिकारियों की निगरानी रही। परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे।
कलेक्टर और एसपी ने लिया था व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। दोनों अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आवश्यक प्रबंधों की जानकारी ली। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी न हो और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में परीक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए सभी केंद्रों पर जनरेटर की व्यवस्था भी की गई थी।
अभ्यर्थियों ने फिजिक्स को बताया ज्यादा कठिन
परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मॉडरेट से कठिन स्तर का बताया। कई छात्रों का कहना था कि बायोलॉजी और केमिस्ट्री के प्रश्न अपेक्षाकृत ठीक रहे, लेकिन फिजिक्स के प्रश्नों ने समय ज्यादा लिया। छात्र आर्यन चंदानी ने बताया कि इस बार फिजिक्स का पेपर ज्यादा कठिन रहा। पिछली परीक्षा में केमिस्ट्री कठिन लग रही थी, जबकि इस बार केमिस्ट्री और बायोलॉजी ठीक रही। उन्होंने कहा कि फिजिक्स कठिन होने से संभावित कटऑफ कम रहने की संभावना है।
केमिस्ट्री और बायोलॉजी को बताया ठीक
छात्रा आर्या मिश्रा ने बताया कि पिछली बार का पेपर मॉडरेट स्तर का था, लेकिन इस बार परीक्षा थोड़ी कठिन रही। उनके अनुसार केमिस्ट्री में कुछ प्रश्न आसान थे और बायोलॉजी भी ठीक रही। छात्रा गर्विता सेन ने बताया कि परीक्षा का स्तर कुल मिलाकर मॉडरेट था। बायोलॉजी अच्छी रही, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री के कुछ प्रश्न कठिन थे। उन्होंने कहा कि पिछली परीक्षा और इस परीक्षा में बहुत ज्यादा अंतर नहीं था, लेकिन इस बार सुरक्षा व्यवस्था ज्यादा सख्त दिखाई दी।
छात्र अजय सिंह लोधी ने बताया कि बायोलॉजी का स्तर पिछली परीक्षा जैसा ही रहा, लेकिन फिजिक्स कठिन होने के कारण प्रश्न हल करने में अधिक समय लगा। अभ्यर्थियों के अनुसार फिजिक्स के प्रश्नों ने परीक्षा के समय प्रबंधन को प्रभावित किया।
अभिभावकों के लिए सीमित दिखे इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों के बैठने के लिए टेंट और पेयजल की व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। हालांकि केंद्रों के बाहर व्यापक व्यवस्था नजर नहीं आई। परीक्षा शुरू होने के बाद कई अभिभावक बाहर बारिश में भीगते हुए इंतजार करते दिखाई दिए। कुछ अभिभावक छांव और बैठने की जगह तलाशते नजर आए। तेज गर्मी के बीच अभिभावकों को केंद्रों के बाहर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। अभिभावकों ने केंद्रों के बाहर पर्याप्त पेयजल, छांव और बैठने की व्यवस्था की जरूरत बताई।
बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई परीक्षा
तीनों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान किसी तकनीकी समस्या या अव्यवस्था की सूचना सामने नहीं आई। जनरेटर, पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग के बीच नीट यूजी री-एग्जाम का आयोजन पूरा कराया गया। जिले में कुल 1147 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1038 ने परीक्षा दी। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम और आगे की प्रक्रिया का इंतजार रहेगा। कलेक्टर ने जिले में शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न होने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। वही सुरक्षा की दृष्टि से एसपी के निर्देशन में एग्जाम सेंटर के बाहर भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
एग्जाम देने जाते छात्र छात्राएं- फोटो : credit
एग्जाम देने जाते छात्र छात्राएं- फोटो : credit
एग्जाम देने जाते छात्र छात्राएं- फोटो : credit