Guna News: गुना में कांग्रेस की अहम बैठक, अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष चयन पर मंथन
गुना में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष चयन पर चर्चा हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष महेश मदुरिया ने दावेदारों से संवाद कर पारदर्शी प्रक्रिया का भरोसा दिलाया। कई नामों पर विचार किया गया।
विस्तार
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष चयन को लेकर रविवार को गुना में कांग्रेस की एक अहम संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शिवपुरी–गुना प्रभारी महेश मदुरिया ने कार्यकर्ताओं और दावेदारों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नए जिला अध्यक्ष के चयन के लिए संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार करना तथा प्राप्त बायोडाटा पर विचार करना रहा। प्रवास के दौरान महेश मदुरिया ने गुना जिले के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात कर रायशुमारी की। उन्होंने कई कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत स्तर पर संवाद करते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया।
महेश मदुरिया ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री एवं जिलाध्यक्ष जयवर्धन सिंह तथा अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार के निर्देश पर उन्हें गुना में जिला अध्यक्ष चयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी।
पढे़ं: एमडी ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जमीन में गाड़ा, पुलिस ने नीले ड्रम किए बरामद; 266.9 किलो केमिकल जब्त
बैठक में बड़ी संख्या में दावेदारों ने जिला अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए बायोडाटा सौंपे। प्रमुख रूप से कन्हैयालाल अहिरवार, भगवान सिंह अहिरवार, बबलू जाटव, आरके देवदार, राजकुमार संस्कार और बृजलाल जाटव ठेकेदार के नाम चर्चा में रहे। मदुरिया ने बताया कि चयन प्रक्रिया के अगले चरण में योग्य उम्मीदवारों को भोपाल बुलाकर आगे की चर्चा की जाएगी। जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद एक सक्रिय टीम गठित की जाएगी, जो गांव और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम करेगी।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मदुरिया ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का शिक्षित युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार युवाओं की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीति में सामाजिक विभाजन की कोशिशें बढ़ रही हैं, जबकि कांग्रेस सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
बैठक में कांग्रेस के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन विस्तार और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने विश्वास जताया कि नए जिला अध्यक्ष के चयन के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कमेंट
कमेंट X