{"_id":"69c142186fc17dcd87060fbc","slug":"mickey-mouse-swing-overturns-at-bisbhuja-devi-temple-injuring-three-children-case-filed-against-operator-guna-news-c-1-1-noi1454-4082358-2026-03-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Guna News: बीसभुजा देवी मंदिर में मिक्की माउस झूला पलटा, तीन बच्चे घायल, संचालक पर केस दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Guna News: बीसभुजा देवी मंदिर में मिक्की माउस झूला पलटा, तीन बच्चे घायल, संचालक पर केस दर्ज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुना
Published by: गुना ब्यूरो
Updated Mon, 23 Mar 2026 07:39 PM IST
विज्ञापन
सार
गुना के बजरंगगढ़ स्थित बीसभुजा देवी मेले में मिक्की माउस झूला पलटने से तीन बच्चे घायल हो गए। एक बच्चे को गंभीर चोट आई, अन्य को प्राथमिक उपचार मिला। झूला संचालक पर लापरवाही का केस दर्ज हुआ। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की जांच शुरू की।
मेले में झूला संचालक पर लापरवाही को लेकर एफआईआर
विज्ञापन
विस्तार
मध्य प्रदेश के गुना जिले के बजरंगगढ़ क्षेत्र में स्थित बीसभुजा देवी मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर लगे मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को आनंद देने वाला एक झूला अचानक हादसे का कारण बन गया। मिक्की माउस झूला अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें बैठे तीन बच्चे नीचे गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और मेले का माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।
Trending Videos
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा निवासी नरेन्द्र शर्मा अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ माता बीसभुजा देवी के दर्शन करने बजरंगगढ़ पहुंचे थे। चैत्र नवरात्र के चलते मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हो रहे हैं और यहां हर वर्ष की तरह इस बार भी मेला आयोजित किया गया था। दर्शन करने के बाद परिवार के सदस्य मेले में घूम रहे थे, जहां बच्चों की नजर झूलों पर पड़ी और उन्होंने झूला झूलने की इच्छा जताई। परिजनों ने बच्चों की जिद पूरी करते हुए उन्हें मिक्की माउस झूले में बैठा दिया। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ ही क्षणों में झूला अचानक असंतुलित हो गया और पलट गया। झूले के पलटते ही उसमें बैठे बच्चे सीधे जमीन पर गिर पड़े। हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और तुरंत बच्चों को संभालने के लिए लोग दौड़ पड़े।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें- पांच घंटे में जिले में हुए तीन बड़े हादसे, दो की दर्दनाक मौत; एक नशे में धुत चालक केबिन में फंसा
इस दुर्घटना में नरेन्द्र शर्मा के बेटे आशुतोष को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। वहीं अन्य दो बच्चों को भी चोटें आईं, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस मामले में बजरंगगढ़ थाने में झूला संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने संचालक अमन खान पर लापरवाही बरतने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 174 ए के तहत लापरवाही का केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई घायल बच्चे की मां संगीता शर्मा की शिकायत के आधार पर की गई है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि झूले के संचालन में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। मेले में लगे झूलों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। साथ ही मेले में लगे अन्य झूलों की भी जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

कमेंट
कमेंट X