Guna News: पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के तीन फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार, सड़क हादसे से जुड़ा था मामला
गुना जिले में बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र सोनी सहित बाकी तीन आरोपियों को 7 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
विस्तार
गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के सशक्त और संवेदनशील नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास तेज हैं। इसी क्रम में बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
मामला 24 फरवरी 2026 का है। फरियादी सूर्यभान सोलंकी ने अस्पताल चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पड़ोसी धर्मेन्द्र सोनी, कल्ला जैन, मल्ला जैन और मनोज जैन के साथ प्लॉट में वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ। इसी रंजिश के चलते सूर्यभान अपने पिता शिवभानु सोलंकी और भाई कुनाल सोलंकी के साथ मोटरसाइकिल से गुना से आरोन जा रहे थे, जब ग्राम सेमरी के खेल मैदान के पास पीछे से आ रही इनोवा कार (GJ 01 KR 4517) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। उपचार के दौरान शिवभानु सोलंकी की मौत हो गई। बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र सोनी, कल्ला जैन, मल्ला जैन और मनोज जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
तीनों फरार आरोपी गिरफ्ता
जांच के दौरान मुख्य आरोपी धर्मेन्द्र सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार के साथ जेल भेज दिया गया था। बाकी तीन आरोपी घटना के बाद फरार थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और क्षेत्रीय दबिश के जरिए 7 मार्च 2026 को तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें- Live Indore Rang Panchami 2026 live: गेर हुई खत्म, राजवाड़ा से भीड़ बाहर निकलना हुई शुरू; खूब खेला लोगों ने रंग
गिरफ्तार आरोपियों में कल्ला उर्फ कुलदीप जैन (38 वर्ष), मल्ला उर्फ दीपक जैन (37 वर्ष) और मनोज जैन (52 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। अधिकारियों ने कहा कि गुना पुलिस अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क और सख्त कार्रवाई कर रही है।

कमेंट
कमेंट X