{"_id":"6a043ae75d1623eb0a00e445","slug":"a-child-drowned-in-a-hotel-swimming-pool-police-will-exhume-the-body-again-for-a-post-mortem-gwalior-news-c-1-1-noi1227-4274063-2026-05-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gwalior News: होटल के स्विमिंग पूल में डूबने से बच्चे की मौत, पोस्टमार्टम कराने पुलिस दफनाए शव को निकालेगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gwalior News: होटल के स्विमिंग पूल में डूबने से बच्चे की मौत, पोस्टमार्टम कराने पुलिस दफनाए शव को निकालेगी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर
Published by: ग्वालियर ब्यूरो
Updated Wed, 13 May 2026 04:23 PM IST
विज्ञापन
सार
ग्वालियर के होटल में पूल पार्टी के दौरान सात वर्षीय वेद पाल की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। परिजन ने पहले शव दफना दिया, लेकिन होटल प्रबंधन की लापरवाही की आशंका पर पुलिस से शिकायत की। अब शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और पुलिस मामले की जांच करेगी।
स्विमिंग पूल में डूबने से हुई बच्चे की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस मामा होटल में हादसा हो गया। परिवार के साथ डिनर और पूल पार्टी करने गए सात वर्षीय वेद पाल की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। परिजन ने बच्चे के शव को दफना दिया था, लेकिन मामला पुलिस तक पहुंचा। बच्चे के पिता और चाचा गिरवाई थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल प्रबंधन की लापरवाही तय करने के लिए शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।
Trending Videos
पुलिस लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराएगी। ग्वालियर में यह संभवतः पहला मामला होगा, जिसमें दफनाए गए बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। जनकगंज स्थित गोल पहाड़िया निवासी देवेंद्र पाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी भारती पाल, बड़े भाई दिनेश पाल के बेटे वेद पाल और रिश्तेदारों के साथ डिनर व पूल पार्टी के लिए प्रिंस मामा होटल गए थे। होटल में बड़े सदस्य स्विमिंग पूल में थे, जबकि बच्चे पास बने बच्चों के पूल में थे। देवेंद्र पाल ने बच्चों के पूल की तरफ देखा तो वेद वहां नजर नहीं आया। परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बड़े स्विमिंग पूल की गहराई में वेद का शव मिला। उसे अंकुर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां से जयारोग्य अस्पताल (JAH) रेफर कर दिया गया। जेएएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
ये भी पढ़ें - रिश्तों का खौफनाक अंत! मामूली विवाद में बड़ा भाई बना जल्लाद, धारदार हथियार से छोटे भाई को काट डाला
हादसे के बाद परिजन बदहवास थे और कुछ समझ नहीं पा रहे थे। घटना को हादसा मानते हुए वे शव को लक्ष्मीगंज श्मशान घाट ले गए और दफना दिया। लोगों ने परिजन को बताया कि घटना में होटल प्रबंधन की लापरवाही हो सकती है, क्योंकि वहां लाइफ गार्ड और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसके बाद परिवार को मामले की गंभीरता का एहसास हुआ। परिजन का आरोप है कि स्विमिंग पूल पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।इसी कारण गिरवाई थाने पहुंचे और शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। गिरवाई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम पहुंचकर बच्चों के श्मशान से वेद का शव निकलवाएगी। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस प्रिंस मामा होटल पहुंचकर जांच करेगी और घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज जुटाएगी।

कमेंट
कमेंट X