Gwalior: ग्वालियर सेंट्रल जेल में उम्रकैद के कैदी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई मारपीट की आशंका
ग्वालियर सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे नरेंद्र प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा कर मारपीट की आशंका जताई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान दतिया निवासी 31 वर्षीय नरेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है। जेल प्रशासन का कहना है कि नरेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने मौत पर सवाल उठाते हुए जेल के भीतर मारपीट की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र प्रजापति ग्वालियर सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा भुगत रहा था। रविवार शाम जेल प्रशासन ने उसके परिजनों को तबीयत खराब होने की सूचना दी। बताया गया कि उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पढ़ें: ATS की बड़ी कार्रवाई में अब तक छह गिरफ्तारी; पाकिस्तानी कनेक्शन भी उजागर
मृतक के परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले हुई मुलाकात के दौरान नरेंद्र पूरी तरह स्वस्थ था। उनका आरोप है कि पहले उन्हें फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई और करीब दस मिनट बाद ही मौत की सूचना दे दी गई। इससे पूरे घटनाक्रम पर संदेह पैदा हो रहा है।
परिजनों ने यह भी दावा किया कि नरेंद्र के सिर और हाथ पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं, जिससे उन्हें आशंका है कि जेल के अंदर उसके साथ मारपीट की गई होगी। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस और जेल प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
