Indore: महेश्वर रवाना हुई बाणेश्वरी कांवड़ यात्रा, यूपी के मौलाना विवाद पर विधायक गोलू शुक्ला का बड़ा हमला
इंदौर से बाणेश्वरी कांवड़ यात्रा गणेश पूजन के साथ महेश्वर के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने यात्रा मार्ग पर मांस-मदिरा की दुकानें बंद रखने की मांग की। इस बीच मौलाना के कथित बयान पर विधायक गोलू शुक्ला की कड़ी प्रतिक्रिया भी चर्चा में रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर से बाणेश्वरी कांवड़ यात्रा का शुभारंभ रविवार को भगवान गणेश के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा महेश्वर के लिए रवाना हुई। सोमवार सुबह मां नर्मदा के दुग्धाभिषेक के साथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि दादा गुरुजी के सान्निध्य में निकलने वाली इस यात्रा में कई संत, महामंडलेश्वर और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर भी महेश्वर पहुंचकर यात्रा में सहभागिता करेंगी। आयोजकों ने यात्रा को धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का अभियान बताया।
यात्रा से पहले कांवड़ यात्रियों ने प्रशासन से मांग की कि यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे। साथ ही सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान शाकाहार अपनाने का संकल्प लेने की अपील भी की गई। आयोजकों ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सात्विक जीवनशैली और सामाजिक जागरूकता का भी संदेश देती है।
पढे़ं: नरोत्तम मिश्रा के राजनीतिक भविष्य के लिए क्यों अहम? जीत और हार के अलग-अलग मायने
आयोजकों ने यह भी बताया कि विभिन्न स्थानों पर मुस्लिम समाज द्वारा कांवड़ यात्रियों का स्वागत और सहयोग किया गया, जिसे सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का सकारात्मक उदाहरण बताया गया।
इसी दौरान उत्तर प्रदेश के एक मौलाना के कथित बयान को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई। इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित मौलाना इंदौर आता है तो उसका विरोध किया जाएगा। विधायक ने यह भी कहा कि वह स्वयं उसका मुँह काला करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले इंदौर में हिंदू संगठनों ने एक थाने का घेराव कर मौलाना के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी। इसके बाद चंदन नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
