Indore News: ग्राइंडर से कटकर लटक गई थी गर्दन, एमवाय के डाॅक्टरों ने सर्जरी कर बचाई जान
एमवाय अस्पताल के डॉक्टरों ने मौत के मुंह में जा चुके एक युवक को जीवनदान दिया है। ग्राइंडर से गर्दन कटने के कारण घायल युवक की जटिल सर्जरी के जरिए उसकी कटी हुई आहार नली और सांस नली को जोड़कर उसकी आवाज भी वापस लौटा दी है।
विस्तार
इंदौर के सरकारी अस्पताल एमवाय में डॉक्टरों ने एक 38 वर्षीय युवक की सर्जरी की। घर पर लोहे की रॉड काटते समय उसकी गर्दन कटकर लटक गई। खाने की और सांस नली दोनों कट गई और खून भी ज्यादा बह गया, लेकिन एमवाय के डॉक्टरों ने इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया और युवक की जान बचा ली। इस हादसे के बाद उसकी आवाज जाने का भी खतरा था, लेकिन वह भी ठीक कर दी गई।
अस्पताल में 17 जनवरी की शाम को सोहन पिता पन्नालाल निवासी गोकुल नगर आया था। परिजनों ने बताया कि उसकी गर्दन ग्राइंडर से कट गई। घाव इतना बड़ा था कि सिर के अंदर की नसें दिख रही थीं। तत्काल उसकी सर्जरी का फैसला लिया गया और डॉक्टर सुदर्शन ओडिया, डॉ. संजय महाजन, शुभ घनघोरिया व अन्य डॉक्टरों ने उसकी कटी सांस नली और आहार नली जोड़ दी। गहरे घाव के कारण उसके शरीर से खून बह गया था। उसे पांच लीटर खून चढ़ाया गया। डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि सांस लेने में आ रही परेशानी को देखते हुए कुछ दिनों के लिए उसके शरीर में अलग रास्ता बनाया गया।
पांच दिन उसे आईसीयू में रखा और अब वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। अब उसकी सांस की नली भी निकाल दी गई है और मरीज बोल भी पा रहा है। अस्पताल से उसकी छुट्टी भी कर दी गई। डीन ने कहा कि मरीज मरणासन्न स्थिति में आया था, लेकिन अनुभवी डॉक्टरों के कारण उसकी जान बच गई।

कमेंट
कमेंट X