Indore News: इंदौर के तलावली चांदा तालाब पर कर लिया था कब्जा, निगम ने तोड़ी 14 पक्की दुकानें
इंदौर में तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत नगर निगम ने सोमवार को तलावली चांदा तालाब पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 अवैध दुकानों और 100 मीटर लंबी पक्की दीवार को ध्वस्त कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर के तालाबों पर वर्षों से अतिक्रमण होता रहा है, लेकिन अधिकारियों की अनदेखी के कारण तालाबों में पानी आने का प्राकृतिक प्रवाह बाधित हो गया। इंदौर के तलावली चांदा तालाब पर अतिक्रमणकारियों ने लगभग 100 मीटर लंबी और 4 मीटर ऊंची पक्की दीवार बना ली थी। इसके अलावा वहां निर्माण की तैयारी भी चल रही थी।
साथ ही, 14 पक्की दुकानें भी बना ली गई थीं। अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने पर पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए। नोटिस के बावजूद कब्जे नहीं हटाए गए तो सोमवार सुबह नगर निगम का अमला जेसीबी और श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान 14 दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया तथा पक्की दीवार भी तोड़ दी गई।
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि अवैध कब्जों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है, ताकि तालाबों का मूल स्वरूप सुरक्षित रहे और वर्षा जल के प्राकृतिक प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि तलावली चांदा तालाब में पिछले कुछ वर्षों से पानी कम भर रहा था। अब तालाब में पानी लाने वाले प्राकृतिक चैनलों की भी सफाई कराई जाएगी। नगर निगम अधिकारियों ने शहर के अन्य तालाबों के आसपास भी अतिक्रमण चिन्हित किए हैं, जिन्हें हटाया जाएगा।
सिरपुर तालाब का किया निरीक्षण
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार को सिरपुर तालाब का भी निरीक्षण किया। बारिश के दौरान तालाब का पानी आसपास की बस्ती के कुछ घरों में घुस जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निचले हिस्से में वर्षा जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए तथा जिस मार्ग से पानी निकलता है, उसकी चौड़ाई बढ़ाई जाए, ताकि पानी तेजी से निकासी कर सके।इसके बाद उन्होंने कबीटखेड़ी स्थित 120 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
