Indore News: इंदौर में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, मंत्री सिलावट ने ली परेड की सलामी
इंदौर में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर में स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ उत्सवी माहौल में मनाया गया। शहर में आजादी के जश्न का उत्साह दिखाई दिया। इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में राष्ट्रीय धुन और राष्ट्रभक्ति के गीतों के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की।
स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय महापर्व पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम में इस बार मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन मंत्री सिलावट ने नहीं किया,बल्कि उनके संदेश का प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर किया गया।
मुख्य समारोह में जल संसाधन मंत्री सिलावट ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। समारोह में सशस्त्र बलों ने स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के बीच हर्ष फायर भी हुए। स्कूली बच्चों ने खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े।
मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों के बीस से ज्यादा दलों ने परेड में हिस्सा लिया। इनमें प्रमुख रूप से सीमा सुरक्षा बल, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला पुलिस बल, जिला पुलिस बल , होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी, एनसीसी एयर विंग, स्काउट, गाईड, रेडक्रॉस, आरआई ग्रुप, शौर्या दल शामिल रहे।
परेड का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यश बिजोरिया ने किया। समारोह में प्रथम वाहिनी और बीएसएफ का बैंड भी आकर्षण का केन्द्र रहा। समारोह में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सुमधुर गायन भी हुआ। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को भी पुरस्कृत किया गया। समारोह में जिले में वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया।
