Indore News: वड़ा पाव में लगी थी फंगस, युवती ने सोशल मीडिया पर बनाई रील; विवाद के बाद खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
इंदौर के एलआईजी चौराहे स्थित एक फूड आउटलेट में गंदगी मिली। एक युवती के वड़ा पाव में फंगस मिलने का मामला सामने आया था। सोशल मीडिया पर युवती की वायरल हुई रील के बाद खाद्य विभाग हरकत में आया।
विस्तार
इंदौर के एलआईजी चौराहा स्थित अर्बन मस्का में एक युवती द्वारा ऑर्डर किए गए वड़ा पाव में फंगस मिलने का मामला सामने आया है। वड़ा पाव प्लेट में आने पर युवती ने उसमें फंगस देखा और इसकी शिकायत कर्मचारी से की, लेकिन उसने बात मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में गंदगी पाई गई। खाद्य सामग्री से भरा फ्रिज वॉशिंग एरिया में रखा था और पेस्ट कंट्रोल न होने के कारण किचन में कीड़े भी नजर आए। इसके अलावा दुकानदार आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
अधिकारियों ने पाव और बन के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए हैं। यदि जांच में सैंपल फेल होते हैं, तो दुकान के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। साथ ही दुकानदार को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि विजय नगर क्षेत्र की चौपाटी बंद होने के बाद एलआईजी क्षेत्र में कई फूड स्टॉल्स खुल गए हैं, जहां शाम के समय काफी भीड़ रहती है। हालांकि, कई दुकानों में साफ-सफाई को लेकर लापरवाही भी देखने को मिल रही है।

कमेंट
कमेंट X