Indore: इंदौर में ब्रिज पर बिगड़ा ट्रक, एक किलोमीटर तक दो घंटे रहे चक्के जाम
इंदौर के एमआर-10 ब्रिज पर गुरुवार दोपहर एक ट्रक के खराब हो जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इस खराबी के कारण ब्रिज के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई जिससे राहगीरों और स्कूल बसों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विस्तार
इंदौर के एमआर-10 ब्रिज पर गुरुवार दोपहर एक ट्रक खराब हो गया। उसकी वजह से ब्रिज के दोनों तरफ ट्रैफिक जाम हुआ। एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई और दो घंटे बाद बाधित यातायात को बहाल करने में पुलिस सफल रही। ब्रिज पर खराब ट्रक को क्रेन की मदद से हटाया गया। उसके बाद रास्ता खुला।
इंदौर में अब ट्रैफिक इतना बढ़ गया है कि ब्रिजों के कारण भी ट्रैफिक जाम होने लगा है। यदि कोई वाहन ब्रिज पर खराब हो जाए तो दूसरे वाहन निकल नहीं पाते हैं। इंदौर के एमआर-10 के फोरलेन ब्रिज पर दोपहर में एक ट्रक खराब हो गया। इस कारण चंद्रगुप्त मौर्य प्रतिमा चौराहा से उज्जैन रोड की तरफ वाहन नहीं जा पा रहे थे।
इसके बाद दूसरी लेन पर दोनों तरफ के वाहनों की आवाजाही शुरू होने लगी, लेकिन वहां भी भारी वाहन निकलने के दौरान आमने-सामने की तरफ वाहन फंस गए। इसके बाद दोनों तरफ आधा-आधा किलोमीटर हिस्से में वाहनों की कतार लग गई। इनमें कई स्कूल बसें थीं तो कई उज्जैन की तरफ जाने वाले यात्री भी शामिल थे।
जाम लगता देख कई वाहन चालकों ने उज्जैन जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते को अपनाया। वे बाणगंगा वाले मार्ग से उज्जैन की तरफ निकले। जाम की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को ब्रिज से हटाया। दो घंटे बाद ट्रैफिक की स्थिति सामान्य हो पाई। दोपहर दो बजे बाद जाम खुला।

कमेंट
कमेंट X