Indore: राजा-सोनम की शादी का नया विवाद, कैटर्स ने दोनों परिवारों को भेजा कानूनी नोटिस; 15 दिन की चेतावनी
इंदौर में राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी की कैटरिंग का 2 लाख रुपये से अधिक भुगतान बकाया होने का दावा करते हुए कैटर्स ने दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेजा है। हालांकि, दोनों पक्षों ने पूरा भुगतान करने का दावा किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी दिवंगत राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की शादी एक बार फिर चर्चा में है। शादी का कैटरिंग का काम इंदौर के हितेश उर्फ जिम्मी को सौंपा गया था। कैटर्स संचालक के अनुसार, दोनों परिवारों के साथ 11.60 लाख रुपये का अनुबंध हुआ था।
कैटर्स का दावा है कि शादी के दौरान सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी, उनके पिता और राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी की ओर से करीब 8 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद कुछ और राशि भी दी गई, लेकिन अब भी 2 लाख रुपये से अधिक का भुगतान बकाया है।
कैटर्स संचालक का कहना है कि बकाया राशि के लिए उन्होंने पिछले कई दिनों से दोनों परिवारों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद एडवोकेट जयंत राठौर के माध्यम से दोनों परिवारों को कानूनी नोटिस भेजकर 15 दिनों के भीतर बकाया राशि जमा करने की चेतावनी दी गई है। नोटिस में कहा गया है कि तय समय में भुगतान नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पढे़ं: नरोत्तम की साख, भाजपा की रणनीति या कांग्रेस की वापसी...किसके पक्ष में जाएगा फैसला?
वहीं, राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने दावा किया कि उनकी ओर से कैटर्स का पूरा भुगतान किया जा चुका है। उनका आरोप है कि उनके दिवंगत भाई की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। दूसरी ओर, सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी ने भी कहा कि उनके परिवार ने अपनी ओर से पूरा भुगतान कर दिया है। उनका कहना है कि यदि कोई राशि बकाया है तो वह विपिन रघुवंशी के हिस्से की हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके परिवार का नाम नोटिस में क्यों शामिल किया गया, इसे लेकर वह कैटर्स संचालक से बात करेंगे।
